Dussehra Celebrations : विजयादशमी के मौके पर दिल्ली की मशहूर लव कुश रामलीला में आज गणमान्य एवं विशिष्ट अतिथि शिरकत करेंगे। लोगों के साथ दशहरा मनाने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और फिल्म बाहुबली के स्टार प्रभाष लाल किले के मैदान में पहुंचेंगे। कोरोना के संकट की वजह से बीते दो साल तक लव कुश रामलीला का भव्य आयोजन नहीं हो पाया था लेकिन इस बार कमेटी अपने पारंपरिक स्वरूप में लौटी है। लव कुश रामलीला को देखने के लिए इस बार बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचे हैं।
रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतले जलेंगे
ये तीनों गणमान्य व्यक्ति मैदान में तैयार किए गए रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन करेंगे। राम लीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि इस बार हमारे कार्यक्रम में तीन मुख्य अतिथि होंगे। राष्ट्रपति मुर्मू, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और अभिनेता प्रभाष यहां आएंगे। तीनों मुख्य अतिथि पुतलों का दहन करेंगे। कुमार ने बताया कि इस बार ग्रैंड फिनाले के लिए नौ पुतले तैयार किए गए हैं।
अलग-अलग समय पर आएंगे अतिथि
उन्होंने बताया कि इन सभी तीनों मेहमानों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। इससे पहले केवल प्रधानमंत्री पुतलों का दहन करते आए हैं लेकिन इस बार तीन अतिथि यह काम करेंगे। तीनों अतिथि अलग-अलग समय पर कार्यक्रम में आएंगे। कुमार ने आगे कहा कि कार्यक्रम को लेकर प्रदूषण को भी ध्यान में रखा गया है।
कंगना रानौत भी आएंगी
कुमार ने आगे कहा, ‘चाहे वह फिल्म स्टार हो या राजनेता, हर साल हमारे कार्यक्रम में एक वीआईपी की उपस्थिति होती है। अतीत में, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी कार्यक्रम में शिरकत की है। पूर्व में फिल्म अभिनेता अजय देवगन और जॉन अब्राहम भी आयोजन में शामिल हुए हैं। पिछले साल प्रभास ने रावण दहन किया था। इस दफ़ा हमारे आयोजन के 50 साल में पहली बार कोई महिला रावण दहन करेगी।’
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
