Delhi Red Fort Car Blast: राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धीमी गति से गुजर रही एक कार में जबरदस्त विस्फोट हुआ। न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इस घटना में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद से पूरी दिल्ली में दहशत का माहौल है। दिल्ली में ब्लास्ट के बाद देश के कई शहरों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के कारण आसपास खड़े कई वाहन जलकर राख हो गए हैं। इस विस्फोट में घायल हुए लोगों को लोक नायक जय प्रकाश (LNJP) में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिस कार में विस्फोट हुआ था, उसमें तीन लोग सवार थे। इस बीत की जांच की जा रही है कि क्या यह एक आत्मघाती हमला था। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने अनुसार, विस्फोट धीमी गति से चल रही हुंडई आई20 कार में हुआ था। विस्फोट की इस घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है।
धमाके से टूटे गाड़ियों और मेट्रो स्टेशन के शीश
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लाल किले मेट्रो स्टेशन के पास हुआ धमका इतना जबरदस्त था कि उन्हें कई मिनटों तक कुछ ही साफ सुनाई नहीं दिया है। वहीं कई लोगों का कहना था कि धमाके की आवाज आईटीओ तक सुनाई यानी लगभग 2 किलोमीटर तक लोगों को सुनाई दी थी। इस धमाके में दूर खड़ी गाड़ियों के साथ-साथ मेट्रो स्टेशन पर लगे शीशे भी टूट गए थे।पुलिस की हिरासत में कार का मालिक
अधिकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने देर शाम कार मालिक मोहम्मद सलमान को हिरासत में लिया और उससे वाहन के बारे में पूछताछ की। उन्होंने बताया कि उसने डेढ़ साल पहले ओखला में देवेंद्र नामक एक व्यक्ति को यह वाहन बेच दिया था। अधिकारी ने बताया कि बाद में वाहन को अंबाला में किसी को बेच दिया गया और फिर इसे पुलवामा में तारिक नामक व्यक्ति को बेच गया। पुलिस इन सभी लोगों का पता लगा रही है।
दिल्ली सीमा पर बढ़ी सुरक्षा जांच
सोमवार को हुए धमाके के बाद दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है, साथ ही वाहनों की जांच भी तेज कर दी गई है। विस्फोट के बाद जलती कारों से आग की लपटें उठने से इलाके में दहशत फैल गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा के मुताबिक, दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और विस्फोट के कारण लगी आग पर देर शाम 7:29 बजे तक काबू पा लिया गया।
दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने संवाददाताओं से कहा कि देर शाम करीब 6:52 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास यातायात सिग्नल पर धीमी गति से गुजर रही कार में विस्फोट हो गया। कार के अंदर कुछ लोग सवार थे। अन्य वाहन भी प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियां-दिल्ली पुलिस, फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला, राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए), राष्ट्रीय सुरक्षा गारद (एनएसजी)-मौके पर पहुंच गई हैं और स्थिति का जायजा ले रही हैं। इस बीच, गृह मंत्री शाह ने दिल्ली पुलिस प्रमुख और खुफिया ब्यूरो (आईबी) के निदेशक से बात करके स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने एनएसजी, एनआईए और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के प्रमुखों को निर्देश दिया कि वे विस्फोट स्थल पर विशेषज्ञ दल भेजकर जांच में मदद करें और साक्ष्य जुटाएं।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
