दिल्ली

Delhi Red Fort Blast: दिल्ली पुलिस ने UAPA के तहत दर्ज किया केस, ब्लास्ट में अब तक 9 लोगों की मौत

Delhi Red Fort Blast: दिल्ली में सोमवार शाम को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में जबरदस्त धमाका हुआ। इस मामले में पुलिस ने UAPA और विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। इस धमाके के बाद दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Image

दिल्ली में लाल किले के पास ब्लास्ट

Delhi Red Fort Blast: दिल्ली में सोमवार को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके के संबंध में पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। कोतवाली थाने में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की धारा 16 और 18 सहित विस्फोटक अधिनियम व बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

दिल्ली में सोमवार शाम को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक धीमी गति से चलती कार में जोरदार धमाका हुआ। न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार इस धमाके में अब तक कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और 20 घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह धमाका व्यस्त समय में भीड़भाड़ वाले इलाके में हुआ। जिस कारण आसपास मौजूद कई वाहन भी जलकर खाक हो गए। साथ ही कई गाड़ियों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। दमकल विभाग के अनुसार धमाके के कारण लगी आग में छह कारें, दो ई-रिक्शा और एक ऑटोरिक्शा जलकर खाक हो गए।

पुलिस सभी एंगल से कर रही जांच

पुलिस के अनुसार यह विस्फोट एक चलती हुई हुंडई i20 कार में हुआ। जिसमें तीन लोग सवार थे। इस घटना को लेकर जांच की जा रही है कि यह आत्मघाती हमला था या नहीं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घायलों के शरीर पर छर्रे या पंचर के निशान नहीं मिले, जो आम तौर पर बम धमाके में पाए जाते हैं। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने देर शाम कार मालिक मोहम्मद सलमान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। फिलहाल पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है, सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है साथ ही वाहनों की जांच भी तेज कर दी गई है।

गृह मंत्री और प्रधानमंत्री ने लिया स्थिति का जायजा

इस बीच, गृह मंत्री शाह ने दिल्ली पुलिस प्रमुख और खुफिया ब्यूरो (आईबी) के निदेशक से बात कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने एनएसजी, एनआईए और फॉरेंसिक टीमों को मौके पर भेजकर जांच में मदद करने और साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। सरकारी सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी स्थिति का जायजा लिया और गृह मंत्री अमित शाह से बात की। उन्होंने विस्फोट में लोगों की मौत पर शोक भी जताया। फिलहाल किसी भी संगठन ने इस विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि पता चल सके कि विस्फोट से पहले कार किन-किन रास्तों से गुजरी थी। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से घटना से पहले किसी भी संदिग्ध गतिविधि के बारे में जानकारी साझा करने के लिए भी कहा है। अधिकारियों के मुताबिक, मोबाइल डंप डेटा एकत्र किया जा रहा है और संदिग्ध आतंकवादियों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!