दिल्ली

Delhi Red Fort Blast: दिल्ली ब्लास्ट ने छीना मेरठ के परिवार का सहारा, ई-रिक्शा चालक की धमाके में मौत

दिल्ली में सोमवार को हुए तेज धमाके में मेरठ के रहने वाले मोहसिन की भी दर्दनाक मौत हो गई। वे ई-रिक्शा चलाकर अपने घर का खर्च चलाते थे। हादसे के वक्त वे सवारी लेकर जा रहे थे, तभी धमाके में उनकी जान चली गई। दो बच्चों के पिता मोहसिन की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Image

दिल्ली ब्लास्ट में मेरठ के मोहसिन की मौत

Delhi Red Fort Blast: दिल्ली में लाल किले के पास हुए भीषण धमाके में मेरठ के एक परिवार का चिराग बुझ गया। ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का गुजारा करने वाले मोहसिन की इस ब्लास्ट में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के वक्त वे अपने ई-रिक्शा में सवारी लेकर जा रहे थे। तभी अचानक से जोरदार विस्फोट हुआ। जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

दो साल पहले दिल्ली आए थे मोहसिन

मेरठ के रहने वाले 35 वर्षीय मोहसिन करीब दो साल पहले रोजगार की तलाश में दिल्ली आए थे। जहां वे ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पेट पालते थे। रोजाना करीब 500 से 600 रुपये की कमाई से किसी तरह उनके घर का खर्च चलता था। लेकिन इस घटना ने एक गरीब परिवार का सहारा छीन लिया।

मजदूरी से चलता था घर का खर्च

मोहसिन की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे भी हैं। मोहसिन के पिता रफीक मेरठ में हैंडलूम की फैक्ट्री में काम करते थे। उनके 6 बेटे और पांच बेटियों समेत 11 बच्चे थे। जिनमें से एक मोहसिन भी थे। पूरा परिवार मेहनत-मजदूरी करके अपने घर का खर्च चलाता है। ब्लास्ट की खबर मिलते ही मेरठ में उनके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों ने की सरकारी मदद की मांग

मोहसिन के पार्थिव शरीर को दफनाने को लेकर उनके परिवार और ससुराल पक्ष में विवाद की स्थिति बन गई है। मोहसिन के पिता अपने बेटे को मेरठ में दफन करना चाहते हैं, जबकि उनकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोग दिल्ली में ही दफन करने की बात कर रहे हैं। मोहसिन की मौत के बाद उनके गरीब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन सरकारी मदद की मांग कर रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article