Delhi News: दिल्ली के द्वारका जिले के डाबरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चाणक्य प्लेस इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब एक घर की पहली मंजिल पर दो नाइजीरियाई नागरिकों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान जोसेफ और चिबिटर्न के रूप में हुई है, जो दिल्ली के बुराड़ी इलाके में रहते थे। दोनों एक दिन पहले ही चाणक्य प्लेस आए थे। पुलिस को यह सूचना मिली थी कि चाणक्य प्लेस स्थित A-2/9 पते पर, एक कपड़े के गोदाम के पीछे स्थित फ्लैट की पहली मंजिल पर दो विदेशी नागरिकों के शव पड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही डाबरी थाने की टीम मौके पर पहुंची और क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम (FSL) को भी बुलाया गया।
शवों पर नहीं मिले हैं किसी चोट के निशान (सांकेतिक तस्वीर | iStock)
कोई बाहरी चोट नहीं
प्रारंभिक जांच में दोनों शवों पर कोई बाहरी चोट या हिंसा के निशान नहीं मिले हैं। मौके पर कोई आपराधिक गतिविधि या जबरदस्ती के संकेत भी नहीं पाए गए। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए DDU अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
किराए पर लिया गया था फ्लैट
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि जहां दोनों शव मिले, वह फ्लैट हेनरी नामक व्यक्ति के नाम पर किराए पर लिया गया था। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मृतक वहां किस उद्देश्य से आए थे और उनके बीच क्या संबंध था। इस मामले में हेनरी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
डाबरी थाना पुलिस का कहना है कि जोसेफ और चिबिटर्न दोनों बुराड़ी में रहते थे और एक दिन पहले ही चाणक्य प्लेस आए थे। उनके इस इलाके में आने के कारण और उनसे जुड़ी अन्य जानकारियों को इकट्ठा किया जा रहा है। फिलहाल दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर मृतकों की पृष्ठभूमि, उनके संपर्क और घटनाक्रम की गहन जांच शुरू कर दी है। अधिकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं, जिससे मौत की असल वजह सामने आ सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
