दिल्ली

82 किमी की रफ्तार में 1 घंटे का सफर; नमो भारत कॉरिडोर पर हाई-स्पीड ट्रायल सफल, मेरठ मेट्रो भी दौड़ी साथ

Delhi News Today (दिल्ली की खबर ): एनसीआरटीसी ने सराय काले खां से मोदीपुरम तक 82 किलोमीटर लंबे नमो भारत कॉरिडोर पर ट्रेनों का सफल ट्रायल रन पूरा किया है। यह ट्रायल देश के पहले रीजनल रेल सिस्टम के सुचारू संचालन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। साथ ही, मेरठ मेट्रो का ट्रायल भी इसी कॉरिडोर पर तेजी से प्रगति कर रहा है।

Image

नमो भारत कॉरिडोर पर ट्रेनों का ट्रायल रन

Photo : Times Now Digital

Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने सराय काले खां से मोदीपुरम तक पूरे 82 किलोमीटर लंबे नमो भारत कॉरिडोर पर ट्रेनों के शेड्यूल के अनुसार सफल ट्रायल रन पूरा कर लिया है। इस दौरान ट्रेनों ने निर्धारित दूरी एक घंटे से भी कम समय में तय की। खास बात यह रही कि मेरठ मेट्रो की ट्रेनों का संचालन भी नमो भारत ट्रेनों के साथ-साथ किया गया, जिससे पूरे सिस्टम की समेकित रूप से जांच की जा सकी।

यह ट्रायल दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ को जोड़ने वाले देश के पहले नमो भारत कॉरिडोर के सुचारू संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हुआ है। इस ट्रायल के दौरान नमो भारत ट्रेनों को 82 किलोमीटर लंबे पूरे कॉरिडोर पर 160 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम परिचालन गति के साथ निर्बाध रूप से संचालित किया गया। ट्रेनों ने सराय काले खां से मोदीपुरम तक हर स्टेशन पर निर्धारित स्टॉप लिया और एनसीआरटीसी द्वारा निर्धारित टाइम टेबल का पालन करते हुए एक घंटे से भी कम समय में पूरी यात्रा सफलतापूर्वक पूरी की।

हाइब्रिड सिग्नलिंग सिस्टम

नमो भारत कॉरिडोर पर विश्व में पहली बार अत्याधुनिक ईटीसीएस लेवल-3 हाइब्रिड सिग्नलिंग सिस्टम को एलटीई बैकबोन पर लागू किया गया है। इस सिग्नलिंग तकनीक ने प्रत्येक स्टेशन पर स्थापित प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर्स (पीएसडी) के साथ पूरी तरह समन्वय में रहते हुए सुचारु संचालन सुनिश्चित किया। फिलहाल इस कॉरिडोर का 55 किलोमीटर लंबा हिस्सा 11 स्टेशनों के साथ यात्रियों के लिए पहले ही चालू किया जा चुका है। दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक के 4.5 किलोमीटर और मेरठ में मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक के लगभग 23 किलोमीटर पर अंतिम फिनिशिंग कार्य और ट्रायल रन तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

मेरठ मेट्रो का ट्रायल रन

यह उपलब्धि एनसीआरटीसी द्वारा पूरे नमो भारत कॉरिडोर की पूर्ण शुरुआत की दिशा में एक माइलस्टोन मानी जा रही है। मेरठ साउथ और मोदीपुरम डिपो के बीच के हिस्से पर मेरठ मेट्रो का ट्रायल रन भी गति से प्रगति कर रहा है। यह देश में पहली बार है जब नमो भारत ट्रेनों के ही बुनियादी ढांचे पर स्थानीय मेट्रो सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी। 13 स्टेशनों के साथ, 23 किलोमीटर लंबे मेरठ मेट्रो के सेक्शन का 18 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड और 5 किलोमीटर हिस्सा भूमिगत है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article