NCR Weather: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के निवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना फिलहाल नजर नहीं आ रही है। भारतीय मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों यानी 9 और 10 जून के लिए 'हीट वेव' और 'धूल भरी तेज हवाओं' का येलो अलर्ट जारी किया है। दोनों ही दिन अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
NCR में चल रही धूल भरी गर्म हवा
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने साफ शब्दों में चेताया है कि दिन के समय तेज धूप और गर्म हवा का असर स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल सकता है, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों पर। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। 11 जून से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिलेगा, जब आसमान मुख्यतः साफ रहेगा और तापमान में मामूली गिरावट के साथ 43 डिग्री तक रहने की संभावना है। हालांकि उमस बढ़ने से गर्मी की तीव्रता कम नहीं होगी।
12 से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 12 जून को मौसम में साफ तौर पर बदलाव देखा जा सकेगा। इस दिन गर्म और उमस भरा मौसम तो रहेगा, लेकिन साथ ही गरज के साथ बारिश की भी संभावना जताई गई है। अगले दो दिनों यानी 13 और 14 जून को भी आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी के साथ बारिश या गरज-चमक के आसार हैं। 13 जून को तापमान गिरकर 39 डिग्री और 14 जून को 38 डिग्री तक रहने की संभावना है, जिससे लोगों को कुछ हद तक राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 15 जून तक हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं और तापमान 38 डिग्री के आसपास बना रहेगा। इस दौरान मौसम विभाग ने कोई वॉर्निंग नहीं दी है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि भीषण गर्मी के दौर से कुछ राहत मिल सकती है।
रखें सावधानी
विशेषज्ञों का कहना है कि हीट वेव शरीर पर गंभीर प्रभाव डाल सकती है। इससे लू लगने, थकान, सिर दर्द और यहां तक कि हीट स्ट्रोक की भी आशंका रहती है। ऐसे में नागरिकों को चेतावनी दी गई है कि खुले आसमान के नीचे लंबे समय तक रहने से बचें और छायादार स्थानों में ठहरें। एनसीआर क्षेत्र के लिए अभी कुछ दिन हीट वेव और धूल भरी हवाओं के बीच सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
(इनपुट-आईएएनएस)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
