Delhi-NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली में इस हफ्ते मौसम खुशनुमा रहने के आसार हैं। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद यहां का मौसम सुहावना हो गया है। जिसके बाद अगले 6-7 दिनों तक राजधानी का तापमान 37 डिग्री से अधिक जाने की संभावना नहीं है। इस बीच वीकेंड पर एक बार फिर बारिश दस्तक देने वाली है। जिसके चलते तापमान में बढ़ोत्तरी नही होगी। इस बीच तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। हालांकि अभी लू चलने की संभावना नहीं है। मौसम एक्सपर्ट के मुताबिक अप्रैल में लू चलने की संभावना नहीं है और न ही इस महीने राजधानी का पारा 40 डिग्री पार करने के आसार हैं।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
आज राजधानी में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री दर्ज किया गया। आज दिल्ली एनसीआर में तेज हवाएं चलने के आसार हैं। जिनकी रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा रह सकती है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहने की संभावना है। कल भी यहां 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं। हालांकि कल गर्मी में हल्का इजाफा हो सकता है। गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री तक रह सकता है। जिसके बाद 19 अप्रैल को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने के भी आसार हैं। साथ ही तेज हवाएं भी चलेंगी। जिससे तापमान में भी कमी देखने को मिल सकती है।
बैक टू बैक आ रहा पश्चिमी विक्षोभ
आज नोएडा में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। साथ ही आज 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। वहीं गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी आज ऐसा ही मौसम रहने वाला है। यहां भी आज तेज हवाओं के झोंके चलेंगे। स्काईमेट के अनुसार 18 और 21 अप्रैल को पहाड़ों पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। जिसके चलते पहाड़ी और मैदानी इलाकों में आंधी, बारिश, ओले और बर्फबारी होने की संभावना नजर आ रही है। पहाड़ों पर इसका प्रभाव 18 अप्रैल से 22 अप्रैल तक देखने को मिलेगा, साथ ही 23 अप्रैल को भी हल्का असर देखने को मिल सकता है। वहीं दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी यूपी और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 18 और 19 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
