Lok Sabha Election 2024 : लोकसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हैं। इस बार सात चरणों में मतदान संपन्न होंगे। 19 अप्रैल से देशभर में पहले चरण के साथ वोटिंग शुरू हो जाएगी। सभी राजनीतिक पार्टियां चुनाव प्रचार कर अपने प्रत्याशियों के लिए वोट मांग रही है। वहीं, कई संस्थाएं लोगों को उनके वोट का मूल्य समझाकर वोटिंग करने के लिए प्रेरित कर रही हैं। उधर, दिल्ली में गेस्ट हाउस एसोसिएशन महिपालपुर क्षेत्र का मतदान प्रतिशत बढ़ाने का प्लान बनाया है। लोगों को मतदान के लिए ज्यादा से ज्यादा प्रोत्साहित करने के लिए दिल्ली नगर निगम के साथ होटल और लाजिंग हाउस एसोसिएशन ने 20 प्रतिशत छूट देने की घोषणा की है। निगम के करोल बाग और नजफगढ़ जोन के तहत आने वाले होटल और रेस्तरां में यह सुविधा होगी। इसके तहत मतदान करने के बाद 24 घंटे के अंदर ही उंगली पर स्याही दिखाकर बिल पर 20 प्रतिशत की छूट प्राप्त की जा सकेगी।
लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग
करोल बाग उपायुक्त अभिषेक मिश्रा का कहना है कि हर एक मत बेहद मूल्यवान है। हमें नागरिकों को अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना आवश्यक है। इस कार्य के लिए दिल्ली नगर निगम का जन स्वास्थ्य विभाग करोल बाग क्षेत्र के ज्यादा से ज्यादा व्यापारियों से संपर्क कर रहा है। दूसरी ओर होटल और रेस्तरां में 20 प्रतिशत की विशेष छूट के साथ अधिक से अधिक लोगों को वोट डालने और देश के भविष्य को आकार देने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
स्याही का निशान दिखाकर प्राप्त करें छूट
नजफगढ़ उपायुक्त बादल कुमार कहते हैं कि 6 होटलों की ओर से 20 प्रतिशत की छूट देने के लिए कहा गया है। इस छूट का लाभ उठाने के लिए योग्य मतदाता वोट डालने के 24 घंटे के अंदर अपना कमरा बुक कर उंगली पर स्याही का निशान दिखाकर छूट प्राप्त कर सकेंगे। यह पहल लोकतंत्र को मजबूत करने और नागरिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देती है। यह छूट केवल दिल्ली में 25 मई को 6 वें चरण में होने वाले मतदान के लिए ही लागू होगी। लाजिंग हाउस ऑनर्स एसोसिएशन से संबद्ध होटलों में कमरे बुक करने और दिल्ली होटल एवं रेस्तरां ऑनर्स एसोसिएशन के तहत प्रतिष्ठानों में 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी। ऐसा मानना है कि मतदाता इस स्कीम का लाभ उठाने के लिए भी बढ़चढ़ कर वोटिंग करने के लिए निकलेंगे। इससे मतदान प्रतिशत पर भी बढ़ोतरी होगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
