Delhi Murder: राजधानी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में दर्दनाक घटना में एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय कपिल के रूप में हुई है। फायरिंग की वारदात के बाद पुलिस ने शिवम यादव नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक देसी पिस्टल भी बरामद की गई है।
दिल्ली में गोलीबारी की घटना में एक शख्स की मौत
क्या है मामला
शुक्रवार की रात में थाना नंद नगरी में एक फायरिंग की घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पुलिस टीम ने पाया कि एक व्यक्ति को एक गोली मार दी और आरोपी वारदात के बाद फरार है। घायल को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कपिल पुत्र स्व. सुरेश, आयु 28 वर्ष, निवासी सी-2 ब्लॉक, नंद नगरी के रूप में हुई।
पुलिस ने की गिरफ्तारी
इस संबंध में थाना नंद नगरी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं शस्त्र अधिनियम की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल की जांच की और फोरेंसिक टीमों ने मौके से सबूत इकट्ठे किए। जिसके बाद एक विशेष टीम ने अपराध में शामिल एक संदिग्ध की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान शिवम यादव पुत्र नंकू यादव, निवासी सी-ब्लॉक, नंद नगरी, दिल्ली, आयु 20 वर्ष के रूप में हुई। आरोपी के पास से देसी पिस्तौल बरामद हुई।
बहन के साथ नजदीकियों से था नाराज
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसकी बहन और कपिल के बीच नजदीकी थी, जो उसे पसंद नहीं थी। यही वजह थी कि उसने कपिल की हत्या कर दी। मृतक कपिल और आरोपी शिवम दोनों ही AC मेकैनिक का काम करते थे।
आरोपी के कबूलनामे के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिवम यादव को हिरासत में लिया है। उसके कब्जे से बरामद देसी पिस्टल को सबूत के तौर पर अटैच कर लिया गया है।
करावल नगर में ट्रिपल मर्डर
वहीं दूसरी तरफ करावल नगर में ट्रिपल मर्डर की घटना हो गई। यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी और दो बेटियों की हत्या कर दी। आरोपी का नाम प्रदीप है, जिसने अपनी पत्नी जयश्री और दो बेटियों की हत्या कर दी है। बेटियों की उम्र तकरीबन 5 और 7 साल थी। फिलहाल आरोपी पति फरार है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
