दिल्ली : करोल बाग में शुक्रवार शाम को विशाल मेगा मार्ट के शोरूम में भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई। यह घटना अजमल खान रोड पर स्थित चार मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर हुई, जहां किराने और कपड़ों का सामान बिकता है। आग की सूचना शाम 6:44 बजे मिली, जिसके बाद दमकल विभाग ने तुरंत छह गाड़ियां मौके पर भेजीं। आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है।
करोलबाग आग कांड
लिफ्ट में फंस गया था छात्र
आग के दौरान 25 वर्षीय कुमार धीरेंद्र प्रताप सिंह लिफ्ट में फंस गए थे। पुलिस, दमकल और आपदा प्रबंधन टीमों की संयुक्त बचाव कार्रवाई के दौरान उनका शव लिफ्ट में मिला। उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। धीरेंद्र पिछले पांच साल से दिल्ली में रहकर यूपीएससी सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहे थे और करोल बाग में एक पीजी में रहते थे। इसके अलावा, एक और शव बरामद हुआ, जो पूरी तरह जल चुका है और उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इमारत में अग्नि सुरक्षा नियमों की भारी कमी थी, जिसमें वेंटिलेशन की कमी और सामान से भरे सीढ़ियों ने बचाव कार्य को मुश्किल बना दिया। करोल बाग पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस हादसे ने व्यावसायिक इमारतों में अग्नि सुरक्षा नियमों की कमी को उजागर किया है, और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
