Delhi Budget 2024-25: दिल्ली की वित्त मंत्री आतिशी ने सोमवार को राज्य विधानसभा में वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 76,000 करोड़ रुपये के परिव्यय का बजट पेश किया। अपने पहले बजट भाषण में आतिशी ने कहा कि सरकार राम राज्य के सपने को साकार करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने इस बात का जिक्र किया कि कैसे आप (आम आदमी पार्टी) सरकार के पिछले 10 साल के कार्यकाल में दिल्ली की तस्वीर बदली है। वित्त मंत्री आतिशी ने बजट में शिक्षा क्षेत्र के लिए 16,396 करोड़ रुपये के आवंटन का प्रस्ताव रखा है। इसके अलावा सरकार ने 2024-25 के बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 8,685 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। उन्होंने कहा कि यह गौरव की बात है कि अरविंद केजरीवाल सरकार अपना दसवां बजट पेश कर रही है। मैं सिर्फ दसवां बजट नहीं, बल्कि बदलती दिल्ली की तस्वीर पेश कर रही हूं। केजरीवाल आशा की किरण बनकर आए। हम सभी राम राज्य से प्रेरित हैं। हम राम राज्य के सपने को साकार करने के लिए मेहनत से काम कर रहे हैं। आइये जानते हैं बजट में शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए क्या प्रावधान किए गए हैं।
दिल्ली में स्वास्थ्य-शिक्षा के लिए बड़ा बजट
शिक्षा क्रांति के लिए सिसौदिया को क्रेडिट
वित्त मंत्री ने कहा बजट में शिक्षा के लिए 16,396 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं, जो राज्य के भविष्य को नई दिशा की तरफ ले जाएगा। वित्त वर्ष 2024-2025 के लिए दिल्ली का शिक्षा बजट 16,396 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि बीते नौ सालों में लगभग 400 प्रिंसिपल्स को ट्रेनिंग के लिए कैम्ब्रिज भेजा गया है और 950 से ज्यादा टीचर्स को सिंगापुर ट्रेनिंग के लिए भेजा गया है। आतिशी ने कहा केजरीवाल सरकार विश्वविद्यालयों और आईटीआई में ‘बिजनेस ब्लास्टर’ योजना क्रियान्वित करेगी। इसके लिए बजट में 15 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। वित्त मंत्री आतिशी ने कहा कि दिल्ली में शिक्षा क्रांति लाने में किसी एक व्यक्ति की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका रही तो वह है मेरे बड़े भाई मनीष सिसोदिया। आजादी से लेकर 2014-15 की सरकार में सरकारी स्कूलों में 24000 कमरों की बच्चों की पढ़ाई के लिए उपलब्ध थे। सिर्फ 9 साल में अरविंद केजरीवाल 11000 नए क्लासरूम बनाए हैं। इस बजट में शिक्षा पर कुल बजट का 21.57 फीसदी बजट खर्च का प्रावधान है। आतिशी ने कहा सरकारी स्कूल बदल गए हैं। हमारी सरकार ने नौ सालों में राजधानी में हर एक वर्ग का विकास किया है।
सरकारी अस्पतालों की बदलेगी तस्वीर
वित्त मंत्री आतिशी ने कहा कि हमारी सरकार में अस्पताल बेहतर हुए हैं। पहले लोग दिल्ली में बीमार होने के बाद भी अस्पताल नहीं जाना चाहते थे, इसकी बड़ी वजह अस्पतालों की बदहाली थी। लिहाजा, इस बार सरकार ने 2024-25 के बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 8,685 करोड़ रुपये आवंटित किए। बजट में सरकारी अस्पतालों के लिए 6215 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा आप सरकार की सबसे चर्चित मोहल्ला क्लीनिक के लिए 212 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं, सरकारी अस्पतालों में दवाइयों के लिए 658 करोड़ का भारी भरकम बजट दिया गया है। इतना ही नहीं, सरकारी अस्पतालों के विस्तार और नए अस्पतालों के निर्माण के लिए 400 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। साथ ही दिल्ली में पोषण से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए 664 करोड़ का बजट पेश किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
