Delhi News: राजधानी दिल्ली में हर मानसून जलभराव की समस्या को लेकर जनता और प्रशासन दोनों परेशान रहते हैं। अब इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए दिल्ली सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा ने शनिवार को घोषणा की कि दिल्ली का नया ड्रेनेज मास्टरप्लान जल्द ही तैयार कर लिया जाएगा।
दिल्ली को वॉटरलॉगिंग की समस्या से मिलेगी राहत (सांकेतिक तस्वीर|PTI)
तीन बेसिनों में बांटा गया शहर
मंत्री वर्मा ने बताया कि वर्ष 2021 से इस परियोजना पर काम चल रहा है। शहर को जल निकासी व्यवस्था के लिए तीन बेसिनों, नजफगढ़ बेसिन, बारापुला बेसिन और ट्रांस यमुना बेसिन में बांटा गया है। इन बेसिनों के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं और अगले 15 दिनों में सलाहकारों की मसौदा रिपोर्ट सरकार को सौंप दी जाएगी। रिपोर्ट के अध्ययन के बाद काम शुरू कर दिया जाएगा।
नई ड्रेनेज डिजाइन से होगा समाधान
वर्मा ने कहा कि सलाहकार शहर के ड्रेनेज नेटवर्क का एक नया डिजाइन तैयार करेंगे, जो वर्तमान और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप होगा। फिलहाल दिल्ली की जल निकासी व्यवस्था 1976 में बनी थी, जो केवल 50 मिमी वर्षा प्रतिदिन ही संभाल सकती है। इसी वजह से हर बार बारिश में कई इलाके जलभराव का शिकार हो जाते हैं।
कई एजेंसियों में बंटा है जिम्मा
अभी दिल्ली जल बोर्ड सीवर नालियों का जिम्मा संभालता है, PWD मुख्य सड़कों के किनारे नालों की देखरेख करता है और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग बड़े नालों जैसे नजफगढ़ नाले का प्रबंधन करता है। यही वजह है कि समन्वय की कमी और अलग-अलग इलाकों के भू-स्तर के कारण जल निकासी में समस्या आती है। मंत्री ने कहा कि नया मास्टरप्लान इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
