दिल्ली में प्रदूषण की फाइल फोटो (PTI)
Delhi Air Pollution: दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। राजधानी में ज्यादातर इलाकों में AQI 400 पार दर्ज किया गया। जिसे देखते हुए दिल्ली-एनसीआर में GRAP 3 लागू कर दिया गया है। दिल्ली की हवा लगातार दम घोंटू होती जा रही है। हवा की गुणवत्ता में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह की शुरुआत स्मॉग के साए में हो रही है। आज सुबह भी धुंध की मोटी परत आसमान में छाई रही। प्रदूषण के साथ ही ठंड में भी बढ़ोत्तरी हुई है। दिल्ली में सोमवार को इस सीजन में पहली बार शीतलहर की स्थिति दर्ज हुई। साथ ही तापमान में भी गिरावट आई है। जिससे ठंड का एहसास बढ़ गया है। जिसके कारण आज सुबह ज्यादातर लोग स्वेटर और जैकेट में नजर आए।
दिल्ली की हवा गंभीर स्तर पर पहुंच गई है। मंगलवार सुबह 9 बजे राजधानी का औसत एक्यूआई 425 दर्ज किया गया। इस दौरान सबसे अधिक वायु गुणवत्ता सूचकांक बवाना में रहा। यहां का एक्यूआई 463 दर्ज किया गया। इसके अलावा मुंडका में 457, वजरीपुर में 460, रोहिणी में 451, जहांगीरपुरी में 450, द्वारका सेक्टर 8 में 451, नेहरू नगर में 451, पंजाबी बाग में 455, और आरके पुरम में 452 एक्यूआई रहा। एनसीआर के शहरों में भी हवा की स्थिति गंभीर बनी हुई है। यहां भी कई जगहों पर एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 के पार पहुंच गया है। नोएडा में आज सुबह एक्यूआई 419 और ग्रेटर नोएडा में 400 दर्ज किया गया। इसके अलावा गाजियाबाद में 386, गुरुग्राम में 347 और फरीदाबाद में 295 एक्यूआई रहा।
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने कहा कि दिल्ली के औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के सोमवार के 362 से बढ़कर मंगलवार सुबह 425 हो जाने के बाद ग्रैप 3 लागू करने का फैसला लिया गया। दिल्ली की वायु गुणवत्ता धीमी गति से हवा चलने, स्थिर वातावरण और प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण बिगड़ी, जिससे प्रदूषक सतह के करीब जमा हो गए।
तीसरे चरण के प्रतिबंधों में गैर-आवश्यक निर्माण कार्य पर रोक और पत्थर तोड़ने वाली मशीनों तथा खनन गतिविधियों पर रोक शामिल हैं। यह ग्रैप के पहले और दूसरे चरण के तहत उठाए गए उपायों के अतिरिक्त हैं। तीसरे चरण के तहत पांचवीं तक की कक्षाओं को हाइब्रिड रूप से संचालित किया जाएगा। अभिभावकों और छात्रों के पास जहां भी उपलब्ध हों, ऑनलाइन कक्षाओं को चुनने का विकल्प है। तीसरे चरण के अंतर्गत दिल्ली और आसपास स्थित एनसीआर के जिलों में बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल कारों (चार पहिया वाहनों) का उपयोग प्रतिबंधित है। दिव्यांग व्यक्तियों को इससे छूट दी गई है।
सर्दियों के दौरान दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में ग्रैप के तहत प्रतिबंध लागू होते हैं, जो वायु गुणवत्ता को चार चरणों में वर्गीकृत करता है - चरण-1 (खराब, एक्यूआई 201-300), चरण -2 (बहुत खराब, एक्यूआई 301-400), चरण-3 (गंभीर, एक्यूआई 401-450), और चरण-4 (गंभीर, एक्यूआई 450 से ऊपर)। प्रतिकूल मौसम संबंधी परिस्थितियां, वाहनों से होने वाले उत्सर्जन, धान की पराली जलाने, पटाखों और अन्य स्थानीय प्रदूषण स्रोतों के कारण सर्दियों के दौरान दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता का स्तर खतरनाक हो जाता है।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।