Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 13-October-2025: दिल्ली-एनसीआर में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद से सुबह और शाम का मौसम ठंडा हो गया है। न्यूनतम तापमान में भी लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। हालांकि दिन में अभी भी सूरज की तल्खी बरकरार है। लेकिन सुबह और शाम में हल्की ठंडक महसूस होने के कारण लोगों ने कूलर-एसी चलाना बंद कर दिया है। पंखे भी धीमी स्पीड से चल रहे हैं। तड़के में लोग स्वेटर और शॉल के साथ भी नजर आ रहे हैं। पिछले हफ्ते पहाड़ी राज्यों में हुई बारिश और बर्फबारी के चलते हवा में ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग के विशेषज्ञों के मुताबिक इस बार भारत के कई हिस्सों में ला नीना के कारण कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है।
दिल्ली में आज का मौसम (AI Image)
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
आईएमडी के अनुसार आज दिल्ली में आसमान साफ रहने वाला है। दिन में तेज धूप निकलने के आसार हैं। इस दौरान बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। राजधानी में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 18 अक्टूबर तक दिल्ली में मौसम साफ भी बना रहने का अनुमान है। इस अवधि में बारिश को लेकर कोई संभावना व्यक्त नहीं की गई है। तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। 14 से 18 अक्टूबर के दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।
दिल्ली में हवा की गुणवत्ता में गिरावट
दिल्ली में तापमान में गिरावट के बीच हवा की गुणवत्ता में गिरावट देखने को मिल रही है। रविवार को राजधानी में शाम 4 बजे एक्यूआई 164 दर्ज किया गया, यह मध्यम श्रेणी में आता है। वहीं तापमान की बात करें तो रविवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्यिस रहा, यह सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री कम 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
क्या इस बार दिल्ली में अधिक ठंड पड़ेगी?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इस बार देश के कई हिस्सों में खासतौर पर उत्तरी भारत में जोरदार ठंड पड़ने के आसार हैं। जिससे दिल्ली में भी कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना जताई जा रही है। वहीं पहाड़ी राज्यों में शीतलहर और बर्फबारी भी बढ़ने का अनुमान है। आईएमडी के मुताबिक अक्टूबर माह में देश के अधिकतर हिस्सों में औसत से ज्यादा बारिश होने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
