JNU Student Clash: राष्ट्रीय राजधानी स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) एक बार फिर सुर्खियों में है। शनिवार शाम को जेएनयू छात्रों और दिल्ली पुलिस के बीच झड़प हो गई जिसमें कम से कम छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने जेएनयूएसयू अध्यक्ष नीतीश कुमार सहित 28 छात्रों को हिरासत में लिया।
JNU में पुलिस और छात्रों के बीच झड़प (फोटो साभार: iStock)
क्या है पूरा मामला?
समाचार एजेंसी एएनआई ने दिल्ली पुलिस के हवाले से बताया कि पुलिस ने जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष नीतीश कुमार, उपाध्यक्ष मनीषा और महासचिव मुंतिया फातिमा सहित 28 छात्रों को हिरासत में लिया है जिसमें 17 छात्र और 9 छात्राएं शामिल हैं। जिन पुलिसकर्मियों को चोटें आई थीं उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया।
छात्रों पर हाथापाई के लगे आरोप
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम लगभग 6:00 बजे करीब 70-80 छात्र जेएनयू के वेस्ट गेट पर एकजुट हुए। नेल्सन मंडेला मार्ग की ओर उनकी आवाजाही को रोकने के लिए पुलिस बैरिकेड्स लगाए गए थे। हालांकि, बार-बार अनुरोध के बावजूद छात्रों ने बलपूर्वक बैरिकेड्स को उखाड़ फेंका और पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की। इस दौरान छात्रों ने अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया।
पुलिस ने बताया कि छात्र नेल्सन मंडेला मार्ग पर आ गए जिसकी वजह से यातायात अस्थायी रूप से बाधित हो गया। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए छात्रसंघ अध्यक्ष सहित 28 छात्रों को हिरासत में लिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
