Delhi Road Project: दिल्ली सरकार ने हाल ही में प्रदूषण से जंग के लिए एयर पॉल्यूशन मिटिगेशन प्लान 2025 लॉन्च किया है। इसके पहले से ही सरकार प्रदूषण से कई तरह के जतन कर रही थी, अब इस काम में केंद्र का साथ मिल गया है। सिर्फ यही नहीं, इसके साथ दिल्ली की जर्जर सड़कों को बेहतर करने और ट्रैफिक के जाम से भी छुटकारा दिलाने के लिए दिल्ली सरकर को केंद्र की ओर से 1.25 लाख करोड़ सौगात मिली है। इसका इस्तेमाल कई तरह की परियोजनाओं में होगा।
दिल्ली को मिली केंद्र की सौगात
जाम से छुटकारे के लिए हो रही व्यवस्था
इसके तहत शिवमूर्ति से नेल्सन मंडेला रोड तक 7 किलोमीटर लंबी अंडरग्राउंड टनल बनाई जाएगी, INA से IGI एयरपोर्ट तक एलिवेटेड रोड का निर्माण होगा, दिल्ली से कटरा और अमृतसर हाइवे जैसे मेगा प्रोजेक्ट्स बनेंगे, सराय काले खां से IGI एयरपोर्ट तक टनल बनेगा, साथ ही प्रमुख सड़कों को सिग्नल-फ्री कर उनके साथ ड्रेनेज और साइड लेन का निर्माण होगा और ठोस कचरे का उपयोग सड़कों के निर्माण में किया जाएगा। साथ ही रेलवे क्रासिंग पर जाम से छुटकारे के लिए रोड ओवरब्रिज (ROB) और रोड अंडरब्रिज (RUB) को भी मंजूरी मिल गई है।
तेजी से हो रहे प्रोजेक्ट्स पर काम
बुधवार को हुए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह जानकारी दी कि केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें उपराज्यपाल वीके सक्सेना, केंद्रीय राज्य सड़क एवं परिवहन मंत्री हर्ष मल्होत्रा, कैबिनेट मंत्री, समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) 35 हजार करोड़ रुपये की कई परियोजनाएं पूरा करने में लगा हुआ है। इससे पहले, 64 हजार करोड़ रुपयों के कई प्रोजेक्ट पूरे किए जा चुके हैं। 24 हजार करोड़ रुपयों की परियोजनाओं के डीपीआर भी तैयार हो चुके हैं।
NHAI को सौंपे गए काम
रोहतक रोड, पंजाबी बाग से आगे नांगलोई, आश्रम से बदरपुर और एमजी रोड जैसे प्रमुख मार्ग अब NHAI को हैंडओवर कर दिए गए हैं। इन सभी सड़कों को सिग्नल फ्री बनाया जाएगा। अब NHAI सड़कों के साथ-साथ उसके ड्रेनेज सिस्टम, साइड लेन और बाकी जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर भी बनाएगा। इस काम में PWD भी सहयोग करेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
