दिल्ली AQI को लेकर सीएक्यूएम उप-समिति की हुई बैठक, राजधानी में नहीं लागू होगा ग्रैप-3

दिल्ली में रविवार की सुबह वायु गुणवत्ता बेहद खराब दर्ज की गई, कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की उप-समिति ने आपात समीक्षा बैठक बुलाई। बैठक में मौजूदा हालात और मौसम व प्रदूषण पूर्वानुमानों की विस्तृत समीक्षा की गई।

Delhi AQI: दिल्ली में रविवार की सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘बहुत खराब’ श्रेणी के उच्चतम स्तर पर बना रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की उप-समिति ने शाम 4 बजे आपात समीक्षा बैठक बुलाई। इस दौरान दिल्ली-एनसीआर के मौजूदा वायु गुणवत्ता हालात और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) तथा भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) द्वारा जारी मौसम व प्रदूषण पूर्वानुमानों की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि सुबह 10 बजे दिल्ली का औसत AQI 391 था, जो दोपहर 4 बजे घटकर 370 हो गया। शाम 5 बजे तक वायु गुणवत्ता और सुधरकर AQI 365 पर पहुंच गई, जिससे प्रदूषण स्तर में लगातार गिरावट का रुझान दिखाई दिया।

Delhi Very Poor AQI Visuals (Photo: ANI)

दिल्ली में बहुत खराब AQI की तस्वीरें (फोटो: ANI)

GRAP-3 की की आवश्यकता नहीं

आईएमडी और आईआईटीएम के जारी पूर्वानुमानों के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली का औसत AQI ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बना रहेगा। इस स्थिति के मद्देनजर उप-समिति ने यह निर्णय लिया कि फिलहाल ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण को लागू करने की आवश्यकता नहीं है। वर्तमान में पहले और दूसरे चरण के तहत लागू किए जा रहे नियंत्रण उपाय दिल्ली-एनसीआर में जारी रहेंगे। गौरतलब है कि, सुप्रीम कोर्ट ने यह निर्देश दिया है कि, यदि AQI 350 से अधिक हो जाए तो GRAP-III लागू किया जाना चाहिए, और यदि AQI 400 से ऊपर चला जाए तो GRAP-IV को लागू किया जाना अनिवार्य है।

End of Feed