Delhi Building Collapsed: दिल्ली में शुक्रवार रात से हो रही बारिश शनिवार को आफत बनकर बरसी। भारी बारिश के बीच शनिवार सुबह दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के हरिनगर जैतपुर इलाके में एक इमारत की दीवार ढह गई। इस हादसे में कम से कम 8 लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। दो दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था। पुलिस ने पुष्टि की है कि हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई है।
बारिश से कमजोर होकर ढही दीवार (तस्वीर साभार : IANS)
हरि नगर में दीवार गिरने की घटना पर एडिशनल DCP दक्षिण-पूर्वी ऐश्वर्या शर्मा ने कहा कि, "यहां एक पुराना मंदिर है और उसके बगल में पुरानी झुग्गियां हैं जहां कबाड़ी रहते हैं। रात भर हुई भारी बारिश के कारण दीवार गिर गई। 8 लोग फंस गए थे, जिन्हें बचाकर अस्पताल ले जाया गया। 5 घायलों को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां 3 ने दम तोड़ दिया। वहीं, 3 अन्य को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां सभी की मृत्यु हो गई। मृतकों में 3 पुरुष — शबीबुल (30), रबीबुल (30) और मुत्तु अली (45), 2 महिलाएं — रुबीना (25) और डॉली (25), तथा 2 बच्चियां — रुखसाना (6) और हसीना (7) शामिल हैं।
ट्रैफिक भी हो गया ठप
राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह हुई बारिश के कारण जलभराव और लंबे ट्रैफिक जाम की खबरें आईं। कई इलाकों में लंबे ट्रैफिक जाम की खबरें आने से शहर थम सा गया। बारिश की वजह से जगह-जगह पर सड़कों पर जलभराव देखने को मिला है। पालम मोड इलाके में एयरपोर्ट से धौला कुआं जाने वाले रास्ते पर जलभराव के कारण लोगों को भारी समस्या हुई। एक से डेढ़ फीट तक पानी सड़क पर भरा रहा, जिसकी वजह से वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जलजमाव की आईं तस्वीरें
नई दिल्ली के आईटीआई इलाके से भी तस्वीरें सामने आई, जहां सड़क पर जलभराव की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि, सुबह का वक्त होने पर ज्यादा ट्रैफिक नहीं था, जिससे स्थिति सामान्य नजर आई। इसी तरह बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी में जबरदस्त जलभराव देखने को मिला। राहगीर कई फीट पानी से गुजरने को मजबूर होते दिए। मादीपुर इलाके के विशाल एन्क्लेव रोड पर भी पानी भर गया, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें- बारिश से दिल्ली का हुआ बेहाल, जगह-जगह जमा हुआ पानी
आज जारी रहेगी बारिश
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को दिल्ली में गरज के साथ बारिश की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, "आसमान में बादल छाए रहेंगे। मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। साथ ही शहर के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे) भी चल सकती हैं।" इस बीच, मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी से गाड़ी चलाने, सड़कों पर पैदल सावधानी से चलने और बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों के नीचे छिपने से बचने की सलाह दी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
