Burari News: दिल्ली के बुराड़ी इलाके में 22 मई को सरेआम एक 17 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने शनिवार को जानकारी दी कि इन दोनों को 22 मई को ही धौला कुआं के पास से पकड़ा गया था। उनके पास से कथित हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस उपायुक्त (अपराध) आदित्य गौतम ने बताया कि पूछताछ के दौरान एक नाबालिग ने खुलासा किया कि मृतक लड़का भी उसी इलाके में रहता था और उसने दोनों को जान से मारने की धमकी दी थी। इसी वजह से दोनों नाबालिगों ने लड़के पर हमला कर उसकी चाकू घोंपकर हत्या कर दी।
बुराड़ी में दिनदहाड़े हत्या
यह घटना 22 मई को दोपहर करीब 2:30 बजे हुई, जब आपसी विवाद के चलते दोनों आरोपियों ने लड़के पर कई बार चाकू से वार किया। गंभीर रूप से घायल लड़के को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद बुराड़ी थाने में मामला दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि उनकी गतिविधियों के बारे में सूचना मिलने पर पुलिस ने धौला कुआं के पास दोनों को रोका और उनके पास से चाकू बरामद किया। पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। दोनों को किशोर न्याय बोर्ड (Juvenile Justice Board) के समक्ष पेश किया गया है।
चाकूबाजी और डकैती के मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक, इनमें से एक आरोपी पहले भी 2024 और 2025 में भलस्वा डेरी पुलिस थाना में दर्ज चाकूबाजी के मामलों में शामिल रहा है। दूसरे आरोपी पर 2024 में डकैती का मामला दर्ज हुआ था। पुलिस का कहना है कि अपराध के बाद नाबालिग फरार हो गए थे, लेकिन धौला कुआं में अपने साथियों से मिलने के दौरान उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। ऐसे में, अभी फिलहाल मामले की जांच जारी है।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
