Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सराय काले खां बस टर्मिनल से ऑटो में सवार हुए एक दंपति से लूटपाट की गई। बताया जा रहा है कि दंपति से 20 लाख रुपये के सोने के आभूषण चुराए गए हैं। इस मामले में 49 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान वसीम के रूप में हुई है, जो गांधी नगर पुलिस थाने में घोषित बदमाश है। आरोपी पर पहले से कई पुलिस स्टेशनों में मामले दर्ज हैं।
दिल्ली में 20 लाख के गहने चुराने वाला ऑटो ड्राइवर गिरफ्तार (फोटो - टाइम्स नाऊ नवभारत)
ऑटो चालक ने दी चोरी की वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, 27 जून को दंपति सराय काले खां टर्मिनल से वसीम के ऑटो में सवार हुआ, थोड़ी दूर चलने के बाद, वसीम ने ऑटो खराब होने का बहाना बनाकर उस दंपति को दूसरे ऑटो में बिठा दिया, जिसमें पहले से ही उसके (वसीम के) साथी बैठे थे, जिन्होंने यात्रा के दौरान दंपति के सामान से आभूषण चुरा लिए।
गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक खुफिया जानकारी के आधार पर, एक टीम ने 10 जुलाई को दिल्ली से वसीम को गिरफ्तार कर लिया और पुलिस ने उसके कब्जे से अपराध में इस्तेमाल किया गया ऑटो तथा 11,000 रुपये नकद बरामद किए।
उन्होंने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। वसीम और उसका गिरोह कथित तौर पर सुबह-सुबह सराय काले खां जैसे प्रमुख बस अड्डों पर यात्रियों को निशाना बनाता था।
ऐसे देते थे लूट को अंजाम
पुलिस ने बताया कि आरोपी थोड़ी दूर तक ऑटो चलाते हैं, फिर उसमें खराबी का नाटक करके अनजान यात्रियों को दूसरे ऑटो में बिठाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। अधिकारी ने बताया, "वसीम का लंबा आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ कश्मीरी गेट, गीता कॉलोनी, कोतवाली, हजरत निजामुद्दीन, तिमारपुर, सीलमपुर और न्यू अशोक नगर में कम से कम आठ मामले दर्ज हैं।" पुलिस शहर में इसी तरह के मामलों में वसीम के सहयोगियों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
