Atishi Condemns Attack On Delhi CM: बुधवार सुबह जनसुनवाई के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला हुआ। इस घटना की जानकारी सबसे पहले दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की तरफ से आई। उन्होंने एक संदेश में इस हमले की निंदा करते हुए घटना की जानकारी दी। इस घटना पर विपक्ष की नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी समेत कई नेताओं की प्रतिक्रियाएं आईं।
आतिशी ने रेखा गुप्ता पर हमले की निंदा की (फाइल फोटो | PTI)
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया 'एक्स' पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि "दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतंत्र में असहमति और विरोध की जगह होती है, लेकिन हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है।
उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी। आशा है मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।"
सुबह जनसुनवाई के दौरान एक शख्स ने सीएम पर हमला करने की कोशिश की थी। हमलावर की उम्र करीब 35 साल है। मिली जानकारी के मुताबिक युवक हाथ में कुछ कागज लिए हुए था और जनसुनवाई के दौरान अपनी शिकायत को लेकर सीएम रेखा गुप्ता के नजदीक गया और अचानक सीएम पर हमला कर दिया। उसने इस दौरान अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया। मुख्यमंत्री आवास पर हुए इस हमले के सिलसिले में आरोपी को गिरफ्तार कर सिविल लाइंस पुलिस थाने ले जाया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भी हमले की निंदा की और साथ ही महिला सुरक्षा को लेकर भी अपनी बात रखी।
हमले पर देवेंद्र यादव ने कहा, "यह बहुत दुखद है। मुख्यमंत्री पूरी दिल्ली का नेतृत्व करती हैं और मुझे लगता है कि ऐसी घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है लेकिन यह घटना महिला सुरक्षा की पोल भी खोलती है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी या आम महिला कैसे सुरक्षित रह सकती है।"
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने भी समाचार एजेंसी ANI बातचीत में घटना की निंदा की और कहा, यह बहुत दुखद है; राजनीति में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है... लेकिन भाजपा हिंसा की जननी है... लोग भाजपा से नाराज हैं। जिसने भी यह किया है उसकी जांच होनी चाहिए। लेकिन जैसा कि भाजपा कहती थी, जब अरविंद केजरीवाल पर हमला होता था, तो वे दावा करते थे कि उन्होंने खुद यह हमला किया है। इसलिए अब आपको खुद देखना होगा कि यह एक दुर्घटना थी या उन्होंने इसे करवाया। लेकिन मैं एक बात स्पष्ट करना चाहता हूं अगर यह हमला हुआ है, तो मैं निश्चित रूप से इसकी निंदा करता हूं और चाहता हूं कि दोषी के खिलाफ कार्रवाई हो।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी हमले की निंदा करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। केजरीवाल ने लिखा, कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में विचारों का मतभेद और विरोध स्वीकार्य है, लेकिन हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं हो सकता। मुझे विश्वास है कि दिल्ली पुलिस उचित कार्रवाई करेगी। आशा है कि मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हों।
इस पूरे प्रकरण पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा कि, आज सुबह जनसुनवाई के दौरान, मुख्यमंत्री हमेशा की तरह जनता से बात कर रही थीं। एक व्यक्ति उनके पास आया, कुछ कागज दिए और अचानक उनका हाथ पकड़कर उन्हें अपनी ओर खींचने लगा। इस दौरान थोड़ी धक्का-मुक्की हुई...लोगों ने उसे पकड़ लिया। वह कौन है, और अन्य सभी विवरणों की पुलिस जांच कर रही है...मुख्यमंत्री की हालत स्थिर है। डॉक्टरों ने उनकी जांच की है। आगे उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि उनके सिर पर हल्की चोट लगी है...थप्पड़ या पत्थरबाजी की कहानियां मनगढ़ंत हैं...राजनीति में ऐसी घटनाएं निंदनीय हैं...जनसुनवाई जारी रहेगी। मुख्यमंत्री अभी आराम कर रही हैं, लेकिन उन्होंने कहा है कि वह अपने कार्यक्रम रद्द नहीं करेंगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
