Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को हुए हमले के बाद उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। केंद्र सरकार ने तुरंत संज्ञान लेते हुए उन्हें Z श्रेणी की VIP सुरक्षा मुहैया कराई है। वहीं, गुरुवार को दिल्ली के सातों लोकसभा सांसदों ने उनके आवास पर पहुंचकर उनका हालचाल जाना और जनता को आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और जल्द ही कामकाज पर लौटेंगी।
हमले के बाद मुख्यमंत्री को मिली है Z श्रेणी की सुरक्षा (फाइल फोटो | PTI)
सांसदों ने की मुलाकात
मुख्यमंत्री आवास पर गुरुवार सुबह दिल्ली के सातों बीजेपी सांसद पहुंचे और रेखा गुप्ता से मुलाकात की। इस मौके पर सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, "रेखा गुप्ता बहादुर हैं, उनका मनोबल पूरी तरह मजबूत है और वह जल्द ही जनता के बीच सक्रिय रूप से नजर आएंगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।"
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने भी मुख्यमंत्री की स्थिति पर जानकारी देते हुए कहा, "उनका मनोबल बिल्कुल भी प्रभावित नहीं हुआ है। जन सुनवाई कार्यक्रम तय समय के अनुसार जारी रहेगा और वह कल से दोबारा काम पर लौटेंगी। अगली जन सुनवाई अगले बुधवार को होगी।"
केंद्र सरकार ने दी Z श्रेणी की सुरक्षा
हमले के बाद केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को Z श्रेणी की वीआईपी सुरक्षा प्रदान की है। इस सुरक्षा की जिम्मेदारी CRPF के विशेष वीआईपी सुरक्षा ग्रुप को सौंपी गई है, जो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गांधी परिवार जैसे शीर्ष नेताओं को भी सुरक्षा प्रदान करता है।
इस सुरक्षा व्यवस्था के तहत अब 22 से 25 सशस्त्र कमांडो चौबीसों घंटे मुख्यमंत्री के साथ तैनात रहेंगे। गृह मंत्रालय के निर्देश पर सीआरपीएफ ने तुरंत यह जिम्मेदारी संभाल ली है।
हमला एक सोची-समझी साजिश
बुधवार को रेखा गुप्ता पर तब हमला हुआ था, जब वे सिविल लाइंस इलाके में एक जन सुनवाई कार्यक्रम में मौजूद थीं। उनके कार्यालय ने इस हमले को 'सोची-समझी साजिश' करार देते हुए इसे हत्या की कोशिश बताया है।
घटना के बाद राजधानी की राजनीति में हलचल मच गई थी और मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे थे। अब सरकार की त्वरित कार्रवाई और नई सुरक्षा व्यवस्था से रेखा गुप्ता के समर्थकों और दिल्लीवासियों को राहत मिली है।
जनता से सीधा संवाद जारी रहेगा
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से साफ किया गया है कि रेखा गुप्ता आम जनता से संवाद जारी रखेंगी और जन सुनवाई के कार्यक्रमों में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
