दिल्ली

सौरभ भारद्वाज के घर ED की रेड पर भड़की AAP, कहा- मोदी सरकार ध्यान भटकाने के लिए कर रही साजिश

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज के घर हुई ED रेड को फर्जी करार देते हुए भाजपा और मोदी सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और भगवंत मान सहित आप नेताओं ने कहा कि यह कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेंदर मोदी की डिग्री विवाद से ध्यान भटकाने की साजिश है।

Image

सौरभ भारद्वाज के घर ईडी की छापेमारी से भड़की AAP (फोटो - PTI)

Photo : PTI

आम आदमी पार्टी (AAP) ने मंगलवार 26 अगस्त को दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज के घर पर हुई ईडी की छापेमारी को लेकर भाजपा और मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ‘आप’ नेताओं ने इसे पूरी तरह फर्जी मामला करार देते हुए केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग की साजिश बताया।

पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि सौरभ भारद्वाज के घर ईडी की रेड, मोदी सरकार द्वारा एजेंसियों के दुरुपयोग का एक और उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भाजपा इसलिए 'आप' को टारगेट कर रही है, क्योंकि पार्टी मोदी सरकार की गलत नीतियों और भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे मुखर आवाज है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से आम आदमी पार्टी को टार्गेट किया जा रहा है, वैसा कभी किसी पार्टी को नहीं किया गया। उन्होंने कहा, 'AAP' बीजेपी की इन रेडों से डरने वाली नहीं है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आरोप लगाया कि यह रेड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिग्री विवाद से ध्यान भटकाने के लिए कराई गई है। उन्होंने सत्येंद्र जैन का उदाहरण देते हुए कहा कि तीन साल जेल में रखने के बाद भी ईडी और सीबीआई को कोई सबूत नहीं मिला और क्लोजर रिपोर्ट दाखिल करनी पड़ी।

वरिष्ठ AAP नेता और दिल्ली के पूर्व शिक्षा व गृहमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि जिस केस का हवाला देकर रेड की गई, उस समय सौरभ भारद्वाज मंत्री भी नहीं थे। यह कार्रवाई हास्यास्पद और पूरी तरह से झूठी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का पैटर्न यही है कि जब भी कोई बड़ा मुद्दा उठता है, तब ईडी-सीबीआई के जरिए छापेमारी कराकर ध्यान भटकाने की कोशिश की जाती है।

राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी इसे बेबुनियाद और निराधार बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा और मोदी सरकार की नीति बन चुकी है कि 'आप' नेताओं को झूठे केसों में फंसाकर जेल भेजा जाए।

राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा कि नरेंद्र मोदी की डिग्री फर्जी होने की चर्चा सोमवार से ही देशभर में हो रही थी। इसी बहस को दबाने के लिए मंगलवार को सौरभ भारद्वाज पर रेड डलवाई गई है। उन्होंने कहा कि जैसे सत्येंद्र जैन का केस फर्जी निकला, वैसे ही यह केस भी पूरी तरह से फर्जी है।

'आप' नेताओं का कहना है कि चाहे जितनी भी छापेमारियां हों, वे डरने वाले नहीं हैं और जनता के हित में भ्रष्टाचार व गलत नीतियों के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article