Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली में बारिश के चलते मौसम सुहावना बना हुआ है। यहां मॉनसून पूरे जोर पर है। बीते कुछ दिनों से दिल्ली में लगातार बारिश हो रही है। मंगलवार को भी राजधानी में रुक-रुक कर बारिश हुई। जिसके चलते यहां गर्मी से राहत है। वहीं कुछ इलाकों में जलभराव की समस्या भी देखने को मिली। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त के दिन दिल्ली कैसा मौसम रहने वाला है, इस दिन धूप निकलेगी या बारिश शहर को भिगोएगी? आइए जानते हैं।
दिल्ली में अगले तीन दिन बारिश का अलर्ट
दिल्ली में आने वाले दिनों में भी इंद्र देव मेहरबान रहने वाले हैं। मौसम विभाग ने राजधानी में अगले तीन दिन के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। जिसके अनुसार 14 से 16 अगस्त तक गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री तक रह सकता है।
एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली के साथ ही एनसीआर के नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत तमाम शहरों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है। एनसीआर में भी अगले तीन दिन गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में अगले सात दिन बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। जिसके कारण रुक-रुक कर बारिश का होती रहेगी।
15 अगस्त को दिल्ली का मौसम
दिल्ली में 15 अगस्त के दिन पूरे दिन बादलों की आवाजाही रहने वाली है। इस दिन यहां मिलाजुला मौसम देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के दिन सुबह 6 बजे के आसपास हल्की बारिश होने की संभावना है। जिसके बाद 9 बजे तक मौसम साफ हो सकताहै। दोपहर होते-होते यहां फिर से बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है, जो शाम तक जारी रह सकती है। बारिश व बूंदाबांदी के चलते 15 अगस्त को दिल्ली में मौसम खुशनुमा रहेगा। इस दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री तक रह सकता है।
अन्य जिलों में आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में दिल्ली के साथ ही हरियाणा, मध्य प्रदेश, पूर्वी और उत्तरी राजस्थान के कुछ भागों में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा यूपी, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, केरल, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
