स्विमिंग पूल में डूबने से 6 साल के इकलौते मासूम की मौत, MCD पर लगा लापरवाही का इल्जाम

दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में एक 6 साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई है। बच्चा हैदरपुर की अंबेडकर नगर कॉलोनी में अपने नाना-नानी और मां के साथ रहता था। इस इकलौते बेटे को खोने से परिजन बहुत दुख में हैं।पुलिस ने लापरवाही का मामला दर्ज कर केस की जांच कर रही है और इसमें नगर निगम स्विमिंग पूल प्रबंधन की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

Delhi News: राजधानी दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में नगर निगम के स्विमिंग पूल में दर्दनाक हादसा सामने आया है। शुक्रवार को मौर्य एनक्लेव थाना क्षेत्र में स्थित स्विमिंग पूल में डूबने से 6 साल के एक बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान तक्ष राठी के रूप में हुई है, जो हैदरपुर की अंबेडकर नगर कॉलोनी में अपने नाना-नानी और मां के साथ रहता था।

pitampura child drowning

6 साल के बच्चे की डूबने से मौत

कैसे हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह तक्ष दो अन्य बच्चों के साथ स्विमिंग करने गया था। जिनमें एक 14 साल और दूसरा 10 साल का था। 10 साल के बच्चे के पास स्विमिंग पूल की मेंबरशिप थी, जबकि तक्ष हर घंटे 150 रुपये देकर पूल में तैरने जाता था। तीनों बच्चे एक साथ पूल में उतरे, लेकिन थोड़ी देर बाद जब दोनों अन्य बच्चे किनारे पहुंचे तो देखा कि तक्ष वहां नहीं है। उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर मौजूद गार्ड को बुलाया गया। गार्ड ने तुरंत पूल में तलाश की और तक्ष को बाहर निकाला।आननफानन में बच्चे को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बच्चे की मौत के मामले में लापरवाही का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौके पर क्राइम टीम भी पहुंची और पूल की निगरानी व सुरक्षा इंतजामों की जांच की जा रही है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक तक्ष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और नगर निगम स्विमिंग पूल प्रबंधन की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

End of Feed