Delhi Police: दिल्ली पुलिस की अवैध प्रवासियों पर हो रही कार्रवाई में एक और इजाफा हुआ है। दिल्ली पुलिस के दक्षिण पूर्व जिले की विंग ने अभियान चलाकर 25 अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों को पकड़ा है। एडिशनल डीसीपी ऐश्वर्या शर्मा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इन सभी को पहचान संबंधी दस्तावेज न होने और अवैध रूप से दिल्ली में रहने के आरोप में हिरासत में लिया गया है।
हिरासत में आरोपी (तस्वीर साभार: ANI)
पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी ने जानकारी दी कि अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ऐश्वर्या शर्मा के नेतृत्व में 18 सितंबर को अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के लिए दस्तावेज सत्यापन अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने कश्मीरी गेट के पास से 35 वर्षीय हसन शेख और 37 वर्षीय अब्दुल शेख को हिरासत में लिया, जो सगे भाई हैं और बांग्लादेश के सतखेड़ा जिले के मोनिपुर गांव के निवासी हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनका परिवार आठ वर्ष पहले बंगाल के खुलना बॉर्डर से अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था और बाद में विभिन्न क्षेत्रों में जाकर बस गया। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने कानपुर देहात में छापेमारी कर 23 अन्य बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा, जिनमें 10 पुरुष, 10 महिलाएं और 5 बच्चे शामिल हैं।
दो और हुए थे गिरफ्तार
कुछ दिन पहले दक्षिण पश्चिम जिले के ऑपरेशन सेल ने भी दिल्ली से दो बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा था। उनकी पहचान शिशिर ह्यूबर्ट रोजारियो और तौहीदुर रहमान के रूप में हुई थी। दोनों 2014 से बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रह रहे थे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
