Beating Retreat: राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में गुरुवार को 'बीटिंग रिट्रीट' समारोह के मद्देनजर यातायात प्रतिबंधित रहेंगे। यातायात परामर्श के अनुसार, 29 जनवरी को दोपहर बाद दो बजे से रात साढ़े नौ बजे तक विजय चौक और उसके आसपास राष्ट्रपति भवन, नॉर्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक और संसद भवन के आसपास 'बीटिंग रिट्रीट' समारोह के लिए प्रतिबंध लागू किए जाएंगे।
दिल्ली के इन इलाकों में यातायात प्रतिबंध लागू
नहीं गुजरेंगी गाड़ियां
इस अवधि के दौरान विजय चौक सामान्य यातायात के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। सुनहरी मस्जिद गोल चक्कर से कृषि भवन गोल चक्कर तक रफी मार्ग पर तथा कृषि भवन गोल चक्कर से विजय चौक की ओर रायसीना रोड पर वाहनों की आवाजाही की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा दारा शिकोह रोड गोल चक्कर, कृष्ण मेनन मार्ग गोल चक्कर और सुनहरी मस्जिद गोल चक्कर से विजय चौक की ओर वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी।
इन रास्तों का करें इस्तेमाल
विजय चौक से सी-हेक्सागन तक कर्तव्य पथ भी आम जनता के लिए बंद रहेगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को रिंग रोड, वंदे मातरम् मार्ग, अरबिंदो मार्ग, मदरसा टी-प्वाइंट, कमाल अतातुर्क मार्ग से सफदरजंग रोड, रानी झांसी रोड और मिंटो रोड जैसे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है।
DTC बसों के रूट भी होंगे डायवर्ट
परामर्श में यह भी कहा गया है कि डीटीसी और अन्य बसों के मार्गों में परिवर्तन किया जाएगा। यातायात पुलिस ने लोगों से अपनी यात्रा की पूर्व योजना बनाने, प्रतिबंधित मार्गों से बचने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
इन मेट्रो स्टेशन के गेट भी रहेंगे बंद
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (DMRC) ने घोषणा की कि 2026 के बीटिंग रिट्रीट समारोह के लिए सुरक्षा व्यवस्थाओं के चलते रफी मार्ग की ओर जाने वाले उद्योग भवन और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों के निकास द्वार 28 और 29 जनवरी को चार घंटे के लिए बंद रहेंगे। इसमें कहा गया है कि ये गेट दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक बंद रहेंगे।
एक्स पर एक पोस्ट में, डीएमआरसी ने यात्रियों को सलाह दी कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और दोनों दिन गेट के अस्थायी बंद के दौरान स्टेशन पर होने वाली घोषणाओं का पालन करें। इसमें कहा गया है कि 29 जनवरी तक सभी मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा जांच बढ़ा दी जाएगी और यात्रियों से अतिरिक्त यात्रा समय लेकर चलने और सुचारू यात्रा सुनिश्चित करने के लिए कतार में अनुशासन बनाए रखने का आग्रह किया गया है।
