Atal Canteen: दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने जरूरतमंदों और मेहनतकश लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के मौके पर राजधानी में 'अटल कैंटीन' योजना की शुरुआत की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी मौजूद रहे।
अटल कैंटीन का उद्धाटन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने लाजपत नगर में अटल कैंटीन का उद्धाटन किया। इस दौरान दोनों ही नेताओं ने अटल कैंटीन का खाना भी खाया जिसकी तस्वीर मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट पर साझा की हैं।
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में मुख्यमंत्री रेखा ने कहा कि इस योजना के तहत लोग अटल कैंटीन में मात्र 5 रुपये में भोजन कर सकेंगे, जिससे आम लोगों को जीवन की बुनियादी जरूरतें आसानी से उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा, ''यह दिल्ली में जरूरतमंदों और मेहनतकश भाई-बहनों के लिए एक बड़ी योजना है, जहां वे अटल कैंटीन में आकर महज 5 रुपये में खाना खा सकते हैं।''
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल कैंटीन एक ऐसी योजना है, जो सभी को जिंदगी की जरूरी चीजों तक आसान पहुंच देगी... दिल्ली में आज से 45 अटल कैंटीन संचालित हो चुकी हैं, जबकि शेष 55 कैंटीन अगले 15 दिनों में शुरू कर दी जाएंगी।
