शहर

Delhi News: मेट्रो से लाजपत नगर पहुंचीं CM रेखा गुप्ता, 5 रुपये वाली अटल कैंटीन का किया उद्घाटन

Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर राजधानी में अटल कैंटीन योजना की शुरुआत की। लाजपत नगर पहुंचने के लिए उन्होंने मेट्रो से सफर किया। इस योजना के तहत दिल्ली में 100 अटल कैंटीन खुलेंगी, जहां सिर्फ 5 रुपये में पौष्टिक भोजन मिलेगा।

Image

मेट्रो में लोगों से बातचीत करतीं CM रेखा गुप्ता (चित्र साभार: X/Rekha Gupta)

Photo : Twitter

Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर अटल कैंटीन के उद्घाटन के लिए लाजपत नगर पहुंचीं। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली मेट्रो से सफर करती नजर आईं। उन्होंने दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन से मेट्रो पकड़ी और लाजपत नगर तक यात्रा के दौरान यात्रियों से बातचीत कर उनका हालचाल भी जाना।

5 रुपये में मिलेगा पौष्टिक भोजन

दिल्ली सरकार ने की जयंती पर राजधानी को बड़ी सौगात देते हुए अटल कैंटीन योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत दिल्ली भर में 100 अटल कैंटीन शुरू की जाएंगी, जहां सिर्फ 5 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शहर में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए और हर नागरिक को सम्मान के साथ भोजन मिल सके।

गरीब और मजदूर वर्ग के लिए राहत की योजना

शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने इस योजना को कमजोर वर्गों के लिए खाद्य सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम बताया। अटल कैंटीन खासतौर पर दिहाड़ी मजदूरों, श्रमिकों और कम आय वाले परिवारों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जिन्हें रोजमर्रा के भोजन के लिए संघर्ष करना पड़ता है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह योजना भोजन को दया नहीं बल्कि सम्मान का अधिकार मानती है।

रोजाना मिलेगा दो वक्त का खाना

प्रत्येक अटल कैंटीन में दिन में दो समय भोजन परोसा जाएगा, जिसमें दाल-चावल, रोटी और सब्जी शामिल होगी। एक कैंटीन से रोज करीब 1,000 लोगों को भोजन मिलने का अनुमान है। सरकार इस योजना को भारी सब्सिडी के साथ चला रही है ताकि भोजन की कीमत 5 रुपये पर ही स्थिर रखी जा सके।

CCTV से होगी निगरानी

योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए भोजन वितरण मैनुअल कूपन की जगह डिजिटल टोकन सिस्टम से किया जाएगा। सभी कैंटीनों में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी रियल-टाइम निगरानी दिल्ली अर्बन शेल्टर इम्प्रूवमेंट बोर्ड के डिजिटल प्लेटफॉर्म से की जाएगी। रसोईघरों में LPG आधारित चूल्हे, इंडस्ट्रियल RO सिस्टम और कोल्ड स्टोरेज की सुविधा होगी। खाने के सैंपल FSSAI और NABL मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में नियमित जांच के लिए भेजे जाएंगे।

आगे और बढ़ेगा अटल कैंटीन नेटवर्क

सरकार ने संकेत दिए हैं कि पहले चरण के सफल संचालन के बाद अटल कैंटीन नेटवर्क का और विस्तार किया जाएगा। इस योजना से स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय कम्युनिटी किचन को जोड़कर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी के विचारों से प्रेरित यह योजना दिल्ली के सामाजिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम साबित होगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article