शहर

Delhi News: कांग्रेस की रैली पर आप का हमला, सौरभ भारद्वाज ने उठाए सवाल; पूछा- राहुल गांधी दिल्ली की वोट चोरी पर बोलेंगे?

Delhi News: आम आदमी पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने SIR के खिलाफ कांग्रेस की रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट चोरी’ रैली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज जिस मुद्दे पर आंदोलन कर रही है, उसी दिल्ली में एक साल पहले कथित वोट चोरी के दौरान वह चुप थी। भारद्वाज ने राहुल गांधी से स्पष्ट रुख अपनाने की मांग की।

Image

कांग्रेस की वोट चोरी रैली पर बोले सौरभ भारद्वाज (स्क्रीनग्रैब: ANI)

Photo : ANI

AAP On Congress Rally: आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के खिलाफ कांग्रेस की दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस के अभियान की टाइमिंग और मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि ‘वोट चोरी’ जैसे गंभीर मुद्दे पर कांग्रेस का रवैया पहले और अब में अलग-अलग रहा है।

कांग्रेस को दी शुभकामनाएं, लेकिन उठाए सवाल

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यदि कांग्रेस देश के भीतर किसी भी तरह का जन-जागरूकता अभियान चलाना चाहती है तो आम आदमी पार्टी की ओर से उन्हें शुभकामनाएं हैं। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि जिस दिल्ली में कांग्रेस आज ‘वोट चोरी’ के खिलाफ बड़ी रैली कर रही है, उसी दिल्ली में एक साल पहले जब वोट चोरी के आरोप सामने आ रहे थे, तब कांग्रेस ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी।

‘वोट चोरी’ पर कांग्रेस की चुप्पी पर हमला

आप नेता ने कहा कि उस समय आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार कथित वोट चोरी को लेकर सबूत पेश कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस पूरी तरह खामोश रही। उन्होंने कहा कि एक साल बीत जाने के बावजूद कांग्रेस ने अब तक दिल्ली में वोट चोरी के मुद्दे पर खुलकर कोई स्टैंड नहीं लिया है।

राहुल गांधी से सीधा सवाल

सौरभ भारद्वाज ने राहुल गांधी से सीधा सवाल करते हुए कहा कि क्या वे दिल्ली में वोट चोरी के मुद्दे पर बात करेंगे या इससे बचने की कोशिश करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर राहुल गांधी इस सवाल से बचते हैं तो यह साफ हो जाएगा कि कांग्रेस का पूरा नैरेटिव देश के लिए नहीं, बल्कि अपनी पार्टी के हित में है।

रामलीला मैदान में कांग्रेस की बड़ी रैली

कांग्रेस ने SIR के खिलाफ दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर रैली आयोजित की है। पार्टी इस रैली के जरिए सरकार और निर्वाचन आयोग पर चुनाव में कथित धांधली और मिलीभगत के आरोपों को लेकर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। रैली को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के संबोधित करने की संभावना है।

कांग्रेस के दिग्गज नेता रैली में होंगे शामिल

इस रैली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश और सचिन पायलट समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के भी रैली में मौजूद रहने की संभावना जताई गई है। रैली से पहले वरिष्ठ नेता पार्टी मुख्यालय इंदिरा भवन में एकत्र हुए और वहां से बसों के जरिए रामलीला मैदान पहुंचे। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने दावा किया है कि ‘वोट चोरी’ के खिलाफ करीब 55 लाख हस्ताक्षर जुटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इस मुद्दे को सबूतों के साथ उठाया है और रैली के बाद राष्ट्रपति से मुलाकात कर हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन सौंपने का अनुरोध किया जाएगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article