Delhi Weather Today 08 August: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और पूरे NCR में मानसूनी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। शुक्रवार को दिनभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद शनिवार सुबह भी दिल्ली और गुरुग्राम के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बूंदाबांदी और हल्की बारिश दर्ज की गई। बारिश से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं सड़कों पर हुए भारी जलभराव और ट्रैफिक जाम ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
अगस्त में 15 साल बाद हुई इतनी बारिश
2011 के बाद अगस्त की सबसे ज्यादा बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में अगस्त महीने के पहले सात दिनों में 127 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो साल 2011 (पिछले 15 वर्षों) के बाद अगस्त का सबसे भीगा पहला सप्ताह बन गया है।
बारिश के कारण दिल्ली के न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट आई है
सफदरजंग (मुख्य केंद्र) में न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है। पालम में न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा। लोधी रोड में 24.4 डिग्री सेल्सियस। आयानगर में 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार देर रात से शनिवार तड़के तक सफदरजंग, पालम और पूसा स्थित वेदर स्टेशनों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
जानें आज और आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को सुबह से दोपहर के बीच अलग-अलग स्थानों पर मध्यम बारिश और कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। शाम या रात के समय भी बारिश का एक और दौर आ सकता है। अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। IMD के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर हल्की बारिश और बूंदाबांदी का यह सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
जलभराव से थमी रफ्तार, उड़ानों पर भी असर
बारिश के कारण साउथ और सेंट्रल दिल्ली के साथ-साथ गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, आईटीओ, महरौली-बदरपुर रोड और ओखला अंडरपास जैसे प्रमुख मार्गों पर पानी भर गया। इसके चलते गाड़ियां रेंगती हुई नजर आईं और दफ्तर जाने वाले यात्रियों को घंटों जाम में जूझना पड़ा। खराब मौसम और लो-विजिबिलिटी को देखते हुए कई प्रमुख एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए ट्रेवल एडवाइजरी जारी कर उड़ान स्थिति जांचने और समय से पहले एयरपोर्ट के लिए निकलने की सलाह दी।
