Gurugram Wall Collapse: गुरुग्राम समेत पूरे दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश हो रही है। इसी बीच मिलेनियम सिटी के डीएलएफ फेज-2 स्थित वसंत वैली स्कूल में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। स्कूल परिसर में पुरानी इमारत की करीब 8 फीट ऊंची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय दीवार के पास बैठे दो मजदूर मलबे की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के किठौर क्षेत्र के शाहजहांपुर गांव निवासी 45 वर्षीय दयानंद और 35 वर्षीय सूरज के रूप में हुई है। दोनों अन्य चार साथियों के साथ स्कूल परिसर में पेड़ हटाने और उनकी जगह नए पौधे लगाने के काम के लिए पहुंचे थे।
मेरठ के रहने वाले थे मृतक (प्रतीकात्मक फोटो)
अचानक ढही दीवार
बताया जा रहा है कि बारिश के कारण दयानंद और सूरज कुछ देर के लिए पुराने भवन के पास बनी दीवार के नजदीक बैठकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार ढह गई और दोनों मजदूर उसके नीचे दब गए। साथियों ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों की जान जा चुकी थी। वसंत वैली स्कूल में इन दिनों विस्तार और नए निर्माण का काम चल रहा है। इसी क्रम में पुरानी बिल्डिंग की करीब 9 इंच मोटी और 8 फीट ऊंची दीवार को हटाकर वहां नए सिरे से निर्माण किया जाना था।
मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जल्द होगी
हादसे के वक्त इसी परिसर में मजदूर पेड़ लगाने का काम कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही डीएलएफ फेज-2 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल पर न तो बारिश के कारण जलभराव मिला और न ही किसी तरह की खुदाई की गई थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस ने मृतकों की पहचान के बाद मेरठ स्थित उनके परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार, परिजनों के गुरुग्राम पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। उनके बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
