दिल्ली में आज का मौसम (2 April 2026): दिल्ली-एनसीआर में मार्च की तरह ही अप्रैल में भी आंधी-बारिश का दौर देखने को मिलेगा। इस माह के पहले सप्ताह में ही बारिश का अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को आज से प्रभावित कर सकता है। जिसका असर राजधानी समेत कई राज्यों के मौसम पर देखने को मिलेगा। जिसके चलते 3 अप्रैल से दिल्ली में बारिश का सिलसिला फिर से शुरू हो सकता है। दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम, आइए जानते हैं।
आज दिल्ली का मौसम
दिल्ली में 2 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में भले ही अभी बारिश नहीं हो रही है, लेकिन बादलों की आवाजाही बनी हुई है। जिसके कारण गर्मी का प्रभाव सीमित है। दिन में बादल और धूप का लुका-छिपी का खेल जारी है। आज भी राजधानी में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। दिन में धूप भी खिली रहेगी। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया जा सकता है।
दिल्ली-NCR में 3 अप्रैल को मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में 3 अप्रैल से मौसम बदल जाएगा और एक बार फिर बारिश का दौर देखने को मिलेगा। इस दिन गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि इसको लेकर फिलहाल कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम बदलने के कारण दिन के तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। कल दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
दिल्ली-NCR में 4 अप्रैल को आंधी-बारिश का अलर्ट
4 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। जिसकी रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। दिनभर रुक-रुक कर बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं दिल्ली का तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज हो सकता है। 5 अप्रैल को भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। जिसके बाद अगले दो दिन बादलों की आवाजाही तो बनी रहेगी, लेकिन बारिश होने का अनुमान नहीं है। तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
