दिल्ली में आज का मौसम (19 March 2026): दिल्ली-NCR में बुधवार शाम को अचानक मौसम बिगड़ गया। आसमान में काले बादल छा गए और कई जगहों पर तेज आंधी चलने लगी। जिसके बाद बारिश शुरू हो गई। मौसम में हुए इस बदलाव के कारण मौसम में ठंडक महसूस होने लगी। राजधानी के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। दिसे देखते हुए मौसम विभाग ने बुधवार रात 10 बजे तक ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया था। खराब मौसम के कई जगहों पर पावर कट भी लोगों को झेलना पड़ा। वहीं सड़कों पर ट्रैफिक जाम की समस्या भी हुई। इसके अलावा 20 से अधिक फ्लाइट्स को डायवर्ट करने की भी सूचना मिली।
दिल्ली में आज बारिश का अलर्ट (सांकेतिक फोटो)
दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने आज दिल्ली-एनसीआर में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। आज 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी तेज हवाएं चल सकती है। साथ ही आंधी आने का भी अनुमान जारी किया गया है। सुबह के समय भी 20 से 30 किमी की स्पीड से हवाएं चलती रहेंगी। गुरुवार को बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है। बारिश का सिलसिला 20 मार्च तक जारी रहने की संभावना है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है।
दिल्ली में दो दिन आंधी-बारिश का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में 19 और 20 दोनों दिन आंधी-बारिश का अलर्ट है। जिसके कारण तापमान में गिरावट के आसार हैं। 20 मार्च को दिन का तापमान गिरकर 27 डिग्री के करीब पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 17 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा सकता है। फिलहाल राजधानी में बुधवार की बारिश के बाद गुरुवार सुबह भी हल्की ठंडक का एहसास बना रहा। बुधवार को दिल्ली का दिन का पारा 33.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया जा सकता है। राजधानी में तीन दिन बारिश के बाद 21 मार्च से मौसम सामान्य होने का अनुमान है। इसके साथ ही तापमान भी फिर से ऊपर चढ़ सकता है।
