Delhi DTC Bus: दिल्ली सरकार ने लोगों की यात्रा को अधिक आसान और सुविधाजनक बनाने के लिए विशेष कदम उठाया है। राजधानी में दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की नई रूट 753 एक्सटेंशन (753 Ext) बस सेवा शुरू की गई है। यह सेवा फिलहाल प्रायोगिक (Experimental) आधार पर शुरू की गई है। इस नई बस सेवा का मकसद सेंट्रल दिल्ली और वेस्ट दिल्ली के कई इलाकों के बीच बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
दिल्ली में डीटीसी की रूट 753 एक्सटेंशन बस सेवा शुरू (सांकेतिक फोटो)
इन इलाकों को मिलेगा सीधा फायदा
नई रूट 753 एक्सटेंशन बस सेवा से जनकपुरी, विकासपुरी, हस्तसाल, शिव विहार, उत्तम नगर, हरि नगर और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। अब इन इलाकों से यात्रियों को मोरी गेट, कश्मीरी गेट, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन (Old Delhi Railway Station) और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक बिना बार-बार बस बदले पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
ऑफिस जाने वालों और छात्रों को मिलेगी राहत
इस नई बस सेवा से रोजाना सफर करने वाले ऑफिस कर्मचारियों, छात्रों, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य यात्रियों का यात्रा में आसानी होगी। साथ ही उनके समय की भी बचत होगी। पहले जहां कई यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए अलग-अलग बसें बदलनी पड़ती थीं, वहीं अब उन्हें सीधी बस सेवा का लाभ मिल पाएगा।
दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि रूट 753 एक्सटेंशन की शुरुआत दिल्ली के हर नागरिक को सुलभ और सुविधाजनक पब्लिक ट्रांसपोर्ट उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि यह नया रूट सेंट्रल और वेस्ट दिल्ली के बीच यात्रा को आसान बनाएगा। साथ ही पूर्वांचल समुदाय के उन लोगों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी, जो बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने के लिए मोरी गेट, कश्मीरी गेट और प्रमुख अंतरराज्यीय परिवहन केंद्रों का इस्तेमाल करते हैं।
परिवहन मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार लगातार सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का विस्तार कर रही है। सरकार का लक्ष्य राजधानी के लोगों को सुरक्षित, सुविधाजनक, किफायती और नागरिक-केंद्रित परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
