बकरीद को लेकर दिल्ली सरकार ने राजधानी में सख्ती बढ़ा दी है। दिल्ली सरकार के विकास मंत्री कपिल मिश्रा के निर्देश पर पशुपालन इकाई के तहत सभी 13 जिलों में रैपिड रिस्पॉन्स टीम (RRTs) का गठन किया गया है। इन टीमों ने मंगलवार को उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व, उत्तर, मध्य, दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम दिल्ली के कई इलाकों और पशु बाजारों में निरीक्षण अभियान चलाया।
रेखा गुप्ता, मुख्यमंत्री, दिल्ली।
निरीक्षण के दौरान टीमों ने लोगों को बकरीद के दौरान जारी सरकारी एडवाइजरी की जानकारी दी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। सरकार की ओर से नागरिकों, पशुपालकों, पशु व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों से अपील की गई है कि वे पशुओं के परिवहन, खरीद-फरोख्त, देखभाल और प्रबंधन से जुड़े सभी नियमों का पालन करें।
कपिल मिश्रा ने कहा कि सभी जिलों में जिला प्रभारी और डिप्टी डायरेक्टर की निगरानी में टीमें बनाई गई हैं। इन टीमों को क्षेत्रीय गतिविधियों पर नजर रखने, पशुओं के परिवहन और प्रबंधन की जांच करने तथा पशु कल्याण कानूनों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बकरीद को लेकर दिल्ली सरकार का बड़ा अलर्ट
- किसी भी प्रकार की अवैध कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी।
- गाय, बछड़ा, ऊंट और अन्य प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
- सार्वजनिक स्थानों पर पशुओं की खरीद-फरोख्त पर पूरी तरह रोक रहेगी।
- कुर्बानी केवल अधिकृत स्थानों पर ही की जा सकेगी।
- सड़क, गली और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी करने की अनुमति नहीं होगी।
- पशुओं के परिवहन के दौरान किसी भी तरह की क्रूरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- बिना लाइसेंस वाले स्थानों पर मांस की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
- खून और पशुओं के अवशेष नालियों या सीवर सिस्टम में बहाने पर कार्रवाई की जाएगी।
- किसी भी शिकायत या सूचना के लिए लोग नजदीकी पुलिस स्टेशन या PCR से संपर्क कर सकते हैं।
दिल्ली सरकार ने साफ कहा है कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था और पशु कल्याण नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। मंत्री कपिल मिश्रा ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि वे प्रशासन और क्षेत्रीय टीमों का पूरा सहयोग करें, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और नियमों के अनुरूप संपन्न हो सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
