Delhi AQI Today: राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में सोमवार तड़के से ही घना कोहरा छाया हुआ, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। इसके साथ ही आज केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) मध्यम से खराब श्रेणी के बीच दर्ज किया गया। सुबह 8 बजे दिल्ली का AQI 188 दर्ज किया गया जो मध्यम केटेगरी में आता है। मौसम विभाग ने दिन के आगे बढ़ने के साथ आसमान साफ रहने की संभावना जताई है।
दिल्ली में आज घना कोहरा
दिल्ली के कई इलाकों में सुबह कोहरा
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सुबह के समय धौला कुआं, अक्षरधाम, द्वारका और मदर टेरेसा क्रिसेंट मार्ग जैसे इलाकों में मध्यम कोहरा देखा गया। सुबह करीब 7 बजे द्वारका के सेक्टर 3, 6 और 10 में AQI 243 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। वहीं महिपालपुर और मदर टेरेसा क्रिसेंट मार्ग में AQI ‘मध्यम’ श्रेणी में रहा।
NCR में भी हवा की हालत खराब
दिल्ली से सटे एनसीआर क्षेत्रों में भी सुबह धुंध का असर दिखा। गाजियाबाद में AQI 259 रिकॉर्ड किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में है। इससे पहले रविवार को दिल्ली में सुबह के समय हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गई थी, जब AQI 300 से ऊपर दर्ज किया गया था।
मुंबई में तुलना में हालात बेहतर
उत्तर भारत के विपरीत, मुंबई में सुबह के समय वायु गुणवत्ता अपेक्षाकृत बेहतर रही। सीपीसीबी के अनुसार, मरीन ड्राइव इलाके में AQI 126 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। हल्की धुंध के बीच लोग मरीन ड्राइव पर सुबह की सैर करते नजर आए।
क्या आज दिल्ली में बारिश होगी?
मौसम विभाग ने कल यानी रविवार को दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी थी कि कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि NCR के कुछ इलाकों में हल्की बरसात के अलावा और किसी तरह की बारिश की सूचना नहीं मिली। IMD के मुताबिक आज भी दिल्ली सूखी ही रहेगी। हरियाणा और चंडीगढ़ में ठंड के साथ बादलों का भी डेरा देखा जा सकता है। आज इन इलाकों में बारिश होने वाली है। हरियाणा के करनाल में सुबह ओले भी गिरे हैं। IMD के मुताबिक, यह बारिश सक्रिय मौसम चरण की शुरुआत है, जिसमें कई राज्यों में आंधी, बिजली और ओलावृष्टि हो सकती है।
