Delhi Fire News: दिल्ली में रविवार को आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। दोपहर के समय धर्मशिला अस्पताल के पास एक लकड़ी के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। करीब 13 से 14 दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया है। फिलहाल आग बुझाने का काम जारी है और घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
दिल्ली में फिर भड़की आग (फोटो- ANI)
स्वरूप नगर इलाके में भी लगी थी आग
इससे पहले रविवार को उत्तर दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में भीषण आग लग गई थी। आग की घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि आग की वजह से किसी के सीधे तौर पर घायल होने की सूचना नहीं थी, लेकिन दहशत में सामने वाली इमारत के कुछ लोगों ने अपने घरों से छलांग लगा दी। इस घटना में छह लोग घायल हो गए।
फैक्ट्री में जूडो की ड्रेस और बॉक्सिंग ग्लव्स बनाने का काम होता था
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, स्वरूप नगर की गली नंबर-2 में स्थित एक फैक्ट्री में आग लगने की सूचना पुलिस को मिली थी। आग इमारत के ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर लगी थी। यह परिसर खसरा नंबर 357/58 में स्थित बताया गया है। पुलिस के अनुसार, इस फैक्ट्री में जूडो की ड्रेस और बॉक्सिंग ग्लव्स बनाने का काम होता था।
हादसे में छह लोग घायल
पुलिस ने बताया कि आग की वजह से किसी व्यक्ति को सीधे चोट नहीं आई, लेकिन घटना के बाद मची अफरातफरी में सामने वाली इमारत के कुछ निवासी घबरा गए और उन्होंने अपने घरों से छलांग लगा दी। हादसे में छह लोग घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद रहीं और काफी मशक्कत के बाद फैक्ट्री में लगी आग पर नियंत्रण पा लिया गया। फिलहाल दोनों घटनाओं को लेकर संबंधित विभागों की ओर से आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।
