Delhi Air Pollution: प्रदूषित हवा की गिरफ्त में कैद दिल्ली को आज बड़ी राहत मिली है। करीब साढ़े तीन महीने बाद आखिरकार राजधानी की हवा फिर से मध्यम श्रेणी में लौट आई है। इस सर्दी के सीजन में दिल्लीवासियों ने अधिकतर दिन प्रदूषित हवा की मार झेली है। जिसके बाद रविवार को इस सीजन की सबसे साफ हवा दर्ज हुई। दिल्ली का एक्यूआई आज 152 दर्ज किया गया। इससे पहले शनिवार को भी एक्यूआई मध्यम श्रेणी में 192 दर्ज हुआ था।
दिल्ली की फाइल फोटो (istock)
दिल्ली के तीन इलाकों में खराब AQI
दिल्ली में शुक्रवार को हुई बारिश और हवा की दिशा बदलने व गति तेज होने से खतरनाक प्रदूषित हवा के लंबे दौर से राहत मिली है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार दिल्ली के अधिकतर इलाकों में एयर क्वालिटी मध्यम स्तर पर दर्ज की गई। इस दौरान आनंद विहार में 220, पूसा में 203 और वजीरपुर में 223 एक्यूआई रहा, जिसे खराब श्रेणी में माना जाता है। वहीं NSIT द्वारका में सबसे कम एक्यूआई 94 दर्ज किया गया।
नोएडा-गाजियाबाद में भी हवा में बड़ा सुधार
दिल्ली के सबसे प्रदूषित रहने वाले इलाकों में भी आज एक्यूआई 200 के अंदर दर्ज किया गया। अलीपुर में AQI 137, अशोक विहार में 164, आया नगर में 153, बवाना में 143, बुराड़ी में 149 और चांदनी चौक इलाके में 189 दर्ज हुआ। दिल्ली से सटे शहरों में भी आज मध्यम स्तर पर एयर क्वालिटी रही। नोएडा में आज सुबह एक्यूआई 120, ग्रेटर नोएडा में 167, गाजियाबाद में 169, गुरुग्राम में 195 और फरीदाबाद में 154 दर्ज किया गया।
दिल्ली मे 103 दिनों बाद मध्यम स्तर पर AQI
दिल्ली में 103 दिनों के बाद शनिवार को मध्यम स्तर पर एयर क्वालिटी दर्ज की गई। ‘सेंटर फोर रिसर्च ऑन इनर्जी एंव क्लीन एयर (सीआरईए)’ द्वारा किए गए एक विश्लेषण के अनुसार, राजधानी में आखिरी बार 13 अक्तूबर 2025 को'मध्यम' वायु गुणवत्ता दर्ज हुई थी। उस समय एक्यूआई 189 दर्ज किया गया था। एक अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक राजधानी में नौ दिनों तक वायु गुणवत्ता मध्यम स्तर पर ही रही, जिसके बाद प्रदूषण के स्तर में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई। सीआरईए के विश्लेषण के अनुसार 14 अक्टूबर, 2025 से शहर में खतरनाक वायु प्रदूषण का स्तर दर्ज किया गया, जिसमें 26 दिन 'खराब' एक्यूआई, 66 दिन 'अत्यंत खराब' एक्यूआई और 10 दिन 'गंभीर' स्तर पर रहे।
