मुंबई के मझगांव इलाके में गणेश प्रतिमा जुलूस पर कथित तौर पर अंडे फेंकने के मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दानिश शेर खान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक,आरोपी ऑनलाइन अंडे की डिलीवरी का काम करता था।
मुंबई पुलिस (फाइल फोटो)
इसलिए फेंके थे अंडे
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार देर रात की है। आरोपी मझगांव स्थित कॉन्टिनेंटल हाइट्स बिल्डिंग में एक ऑर्डर पहुंचाने गया था। इसी दौरान सोसायटी के बाहर पटाखे फोड़े जा रहे थे। पटाखों से निकले धुएं के कारण उसकी आंखों में जलन हुई और उसे चलने में परेशानी होने लगी। पुलिस का कहना है कि इसी बात से गुस्से में आकर उसने कथित तौर पर गणेश प्रतिमा के जुलूस पर अंडे फेंक दिए।
ऐसे बनी तनाव की स्थिति
यह जुलूस ‘मझगांवचा मोरया गणेशोत्सव मंडल’ की गणेश प्रतिमा को पंडाल ले जाने के लिए निकाला गया था। आरोप है कि बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल से फेंका गया एक अंडा गणेश प्रतिमा पर जा गिरा। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में लोग बिल्डिंग के बाहर जमा हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और अतिरिक्त बल तैनात किया।
इसे लेकर भायखला पुलिस थाने में सोमवार को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोपी की पहचान के लिए पुलिस ने पांच विशेष टीमें गठित की थीं। डीसीपी जयंत मीणा के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची और घटना के करीब 36 घंटे बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से किए गए कृत्य और धारा 196 के तहत विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य बढ़ाने तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले कृत्य का मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
