JK Accident: जम्मू- कश्मीर के उधमपुर जिले में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। जहां केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की एक गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। जिसमें 2 जवानों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। हालांकि अभी हादसे की सटीक वजह पता नहीं चल सकी है।पुलिस ने बताया कि घायल जवानों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है।
स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य में की मदद
सीआरपीएफ की गाड़ी बसंतगढ़ इलाके में कंडवा के पास हादसे का शिकार हुई। जिसके बाद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने सीआरपीएफ जवानों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (SP) संदीप भट ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायल जवानों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल कार्यालय ने भी एक्स पर पोस्ट में कहा, "उधमपुर के पास एक हादसे में सीआरपीएफ कर्मियों के शहीद होने पर दुःखी हूं। हम राष्ट्र की सेवा में उनके अद्वितीय योगदान को कभी नहीं भूलेंगे। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। वरिष्ठ अधिकारियों को सर्वोत्तम संभव देखभाल और सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके कहा कि , "उधमपुर में कंडवा-बसंतगढ़ इलाके में सीआरपीएफ के एक वाहन के साथ हुई हादसे की खबर सुनकर व्यथित हूं। वाहन में सीआरपीएफ के कई बहादुर जवान सवार थे। मैंने अभी-अभी डीसी सलोनी राय से बात की है, जो व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रख रही हैं और मुझे जानकारी दे रही हैं। बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिए गए हैं। स्थानीय लोग स्वेच्छा से सहायता के लिए आगे आए हैं। हर संभव मदद सुनिश्चित की जा रही है।"
