मेरठ : ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के शारदा रोड पर शुक्रवार रात भरे बाजार में बदमाशों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। रात करीब 9:15 बजे एक कोचिंग इंस्टिट्यूट के अंग्रेजी शिक्षक अमित त्यागी पर बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। वारदात से इलाके में दहशत फैल गई।
मेरठ पुलिस
गोली लगने के बावजूद अमित त्यागी ने हिम्मत नहीं हारी। पीठ में दो गोलियां लगने के बाद भी उन्होंने ऊपर जाकर चैनल गेट बंद किया और इसके बाद घायल अवस्था में खुद स्कूटी चलाकर बागपत रोड स्थित केएमसी अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के दुकानदारों व लोगों से पूछताछ की। सीसीटीवी कैमरों की मदद से हमलावरों की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिक्षक की कमर में दो गोलियां लगी हैं। अभी हमले का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है और न ही किसी की ओर से तहरीर दी गई है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार किया जाएगा ।
