“यह मातम का अवसर है, शक्ति प्रदर्शन का नहीं”, CM योगी का सख्त संदेश, मोहर्रम में अस्त्र-शस्त्र, ढोल-ताशों और ऊंची ताजियों पर लगी रोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी मोहर्रम और अन्य प्रमुख आयोजनों को लेकर कानून-व्यवस्था को सख्त बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी तरह की नई परंपरा, अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन या अव्यवस्थित गतिविधियों की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही सभी जिलों को पहले से तैयारियां सुनिश्चित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के आदेश दिए गए हैं।

CM Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी मोहर्रम को लेकर सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि, “यह मातम का अवसर है, शक्ति प्रदर्शन का नहीं। मोहर्रम के दौरान किसी भी तरह के अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन, नई परंपरा की शुरुआत तथा कानफोड़ू डीजे, ढोल-ताशों के अनियंत्रित इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी जाएगी।” सीएम योगी ने शांति भंग करने की कोशिशों पर कठोर से कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों, राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक मोहर्रम की व्यवस्थाओं को लेकर पहले से संवाद स्थापित करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ की घटना न होने पाए।

CM Yogi Adityanath (File Photo: ANI)

सीएम योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो: एएनआई)

अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन नहीं होना चाहिए

पूर्व की घटनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि तेड साउंड डीजे, ढोल एवं ताशों के अनियंत्रित उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए। उन्होंने कहा कि मोहर्रम के जुलूसों में किसी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन नहीं होना चाहिए। साथ ही किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए तथा 10 से 12 फीट से अधिक ऊंची ताजियों की अनुमति न दी जाए। उन्होंने कहा कि सभी की आस्था का सम्मान किया जाए, लेकिन नई परंपरा का सृजन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति एवं ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है तथा इस साल ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ की थीम के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का प्रदेशभर में सीधा प्रसारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

End of Feed