CM Yogi Adityanath Cabinet Meeting: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यानी बुधवार को अपने सरकारी आवास 5 कालिदास मार्ग पर सुबह 10:45 बजे एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री, सभी कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री तथा सभी राज्य मंत्री उपस्थित रहेंगे। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद यह नई कैबिनेट की पहली संयुक्त बैठक होगी, जिसमें सभी सदस्य एक साथ शामिल होंगे।
सीएम योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो: पीटीआई)
10 मई को हुआ था मंत्रिमंडल विस्तार
बता दें कि योगी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार रविवार (10 मई) को संपन्न हुआ। जन भवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने छह नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडेय, सुरेंद्र दिलेर, कैलाश राजपूत, कृष्णा पासवान और हंसराज विश्वकर्मा शामिल हैं। इसके अलावा सोमेंद्र तोमर और अजीत पाल को पदोन्नति दी गई है।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हुआ बदलाव
इस मंत्रिमंडल विस्तार के जरिए भाजपा ने जातीय संतुलन साधने की रणनीति पर विशेष ध्यान दिया है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले किए गए इस बदलाव को पार्टी के लिए काफी अहम माना जा रहा है। भाजपा का उद्देश्य जातीय और क्षेत्रीय संतुलन के साथ-साथ संगठन और सहयोगी नेताओं को भी साधकर अपनी राजनीतिक स्थिति को और मजबूत करना है।
कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं
योगी सरकार के मंत्रिमंडल में कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस विस्तार के तहत भूपेंद्र चौधरी और समाजवादी पार्टी से आए मनोज पांडे को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। वहीं कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर, हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश राजपूत को राज्य मंत्री के रूप में शामिल किया गया है। इसके साथ ही दो मंत्रियों को पदोन्नति भी दी गई है। अजीत पाल और सोमेंद्र तोमर ने स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की है। अब आज नई कैबिनेट की पहली संयुक्त बैठक होगी, जिसपर सभी का ध्यान है।
