उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल और 'पद्म विभूषण' से सम्मानित स्वर्गीय 'बाबूजी' कल्याण सिंह की पुण्यतिथि को राज्य में 'हिंदू गौरव दिवस' के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। लखनऊ में आयोजित भव्य कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वर्गीय कल्याण सिंह की स्मृतियों को नमन किया और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया। इस दौरान सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला।
अखिलेश यादव के PDA पर भड़के सीएम योगी (Photo: X/@myogiadityanath)
सपा के 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर चुटकी लेते हुए सीएम योगी ने कहा कि यह पार्टी गिरगिट की तरह रंग बदलने में माहिर है। उन्होंने कहा, "पहले इनके लिए 'P' का मतलब पिछड़ा था, फिर इन्होंने इसे 'पंडित' कर दिया। जिस तरह से ये बयान बदलते हैं, किसी दिन ये 'P' की परिभाषा 'पाकिस्तान' भी कर देंगे। इन पर कोई भरोसा नहीं किया जा सकता।" सीएम योगी ने सपा नेताओं की तुलना ऐसे पक्षियों से की जो जिस पेड़ पर बैठते हैं, उसे ही सुखा देते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'अगले 48 घंटे में हो कार्रवाई...', राजस्थान सरकार को अभिजीत दिपके का अल्टीमेटम, दी दिल्ली जैसे बड़े आंदोलन की चेतावनी
सीएम ने मायावती तारीफ की तो अखिलेश पर कसा तंज
श्रद्धांजलि न देने पर अखिलेश यादव को घेरते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने सामान्य शिष्टाचार का परिचय देते हुए बाबूजी को श्रद्धांजलि दी, लेकिन सपा प्रमुख ने न तो प्रत्यक्ष आकर और न ही शब्दों के माध्यम से कोई सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने इसे बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।
पूर्व सीएम कल्याण सिंह के योगदान को किया याद
कल्याण सिंह के योगदान को याद करते हुए सीएम योगी ने कहा कि बाबूजी किसी दबाव में झुकने वाले नेता नहीं थे। उन्होंने जीवन भर अपने इस संकल्प को निभाया कि 'कल्याण सिंह टूट सकता है, लेकिन झुक नहीं सकता।' उन्होंने अयोध्या में प्रभु श्री राम मंदिर का मार्ग प्रशस्त करने के लिए अपनी सत्ता तक का त्याग कर दिया था। सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बाबूजी के सपनों को साकार करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
