ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक 6 वर्षीय बच्चे की पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। परिजनों ने इस हादसे के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
बोरिंग के लिए खोदा गया गड्ढा बना हादसे की वजह
बच्चों के साथ खेलते-खेलते गड्ढे में गिरा बच्चा
पुलिस के अनुसार, कलाधाम कॉलोनी, नॉलेज पार्क-2 निवासी 6 वर्षीय अव्यान सूर्या शनिवार शाम अपनी सोसाइटी में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह सोसाइटी परिसर में बने एक गड्ढे में अचानक गिर गया, जिसमें पानी भरा हुआ था। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्राधिकरण पर लगाए गंभीर आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह गड्ढा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बोरिंग के लिए खोदा था। उनका दावा है कि गड्ढा 15 फीट से अधिक गहरा था, लेकिन वहां किसी तरह की बैरिकेडिंग या सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी। इसी लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ।
मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम सदर गौतमबुद्ध नगर आशुतोष गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बोरिंग के दौरान खोदे गए गड्ढे के आसपास कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं था। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट जल्द ही उच्च अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
