Chatra News: झारखंड में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के सक्रिय एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू उर्फ मोछु उर्फ लखन गंझू को चतरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार वह अपने गांव पारामातु में आयोजित श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आया हुआ था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
चतरा पुलिस को मिला बड़ी कामयाबी
इस संबंध में एसपी अनिमेष नैथानी ने सोमवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टीएसपीसी का वांक्षित एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू उर्फ मोछु उर्फ लखन गंझू श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने गांव पारामातु आने वाला है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी ने सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए लावालौंग थाना क्षेत्र के पारामातु गांव में छापेमारी की और लक्ष्मण गंझू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार उग्रवादी लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिसकर्मियों पर हमले की साजिश का आरोप
एसपी ने बताया कि लक्ष्मण गंझू टीएसपीसी संगठन में काफी सक्रिय था। वर्ष 2024 में सदर थाना क्षेत्र में अफीम विनष्टीकरण अभियान से लौट रहे पुलिसकर्मियों पर घात लगाकर किए गए हमले की साजिश में वह शामिल था। इस घटना में दो पुलिस जवान शहीद हुए थे। उक्त मामले में लक्ष्मण गंझू की तलाश की जा रही थी। गिरफ्तार नक्सली के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वशिष्ठनगर थाना और सदर थाना में कुल तीन मामले दर्ज हैं। इन मामलों में आर्म्स एक्ट, यूएपीए, सीएलए एक्ट के तहत मामला दर्ज है। अभियान में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब, लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, एसआई विधायक प्रसाद यादव व लावालौंग थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
