Amritsar News: अमृतसर में खुफिया जानकारी के आधार पर की गई कार्रवाई में काउंटर इंटेलिजेंस (CI) अमृतसर ने पाकिस्तान से जुड़े सीमा पार हथियार और नशा तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो तस्करों को 2.5 किलोग्राम हेरोइन और पांच आधुनिक पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पंजाब पुलिस की एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
जब्त हुआ हथियारों और ड्रग्स की खेप
भारी मात्रा में हथियार और नशा बरामद
गिरफ्तार तस्करों की पहचान तरनतारन के गांव ढोलण निवासी गुरजंट सिंह और गांव छीना बिधी चंद निवासी गुरवेल सिंह के रूप में हुई है। बरामद हथियारों में चार 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल और एक .30 बोर पिस्तौल शामिल है। नशा और हथियारों की खेप के साथ पुलिस ने महिंद्रा 3एक्सओ कार भी जब्त की, जिसका इस्तेमाल इन खेपों की ढुलाई में हो रहा था।
ड्रोन के जरिए भेजी गई थी नशा और हथियारों की खेप
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि ये तस्करी पाकिस्तान स्थित एक तस्कर के निर्देश पर की जा रही थी। खेप को ड्रोन के जरिए भारत-पाकिस्तान सीमा पार से तरनतारन के गांव ढोलण और छीना बिधी चंद इलाके में भेजा गया था। बरामद हथियार पंजाब में गैंगस्टरों और अपराधियों तक पहुंचाए जाने वाले थे। काउंटर इंटेलिजेंस टीम को सूचना मिली थी कि खेप लेकर कुछ लोग गांव पंजवड़ की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अमृतसर-भिखीविंड रोड पर महिंद्रा 3एक्सओ कार को रोका और दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में कार से नशा और हथियारों की बड़ी खेप बरामद की गई।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पाकिस्तानी संपर्कों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। मामले की गहराई से छानबीन कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। इस संबंध में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर नंबर 57, 04 अक्टूबर 2025 को दर्ज की गई है। पुलिस अब इस मॉड्यूल के अंतरराष्ट्रीय तारों को सुलझाने में जुटी है।
