पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने ऐसा दावा कर दिया है, जिससे आप सरकार मुश्किल में फंसती दिख रही है। राज्यपाल के इस दावे के बाद से बीजेपी भी आप पर हमलावर हो गई है। दरअसल गुरदासपुर पहुंचने पर राज्यपाल ने कहा कि पंजाब में स्कूलों तक ड्रग्स पहुंच गया है। बच्चे नशे की लत में पड़ रहे हैं।
राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने यह भी कहा कि पिछले डेढ़ साल में नशे की तस्करी में दोगुनी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सीधे युद्ध से डरता है लेकिन पंगे लेने में वो हर तरह से सक्षम है। वहीं बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इस मामले पर आप पर हमला करते हुए कहा- "पंजाब में नशा स्कूल-स्कूल तक, मोहल्ले मोहल्ले तक पहुंच गया है! आप के कार्यकर्ता गैंग्स को अवैध हथियार और कारतूस सप्लाई के धंधे में लिप्त है। पर ज्ञान देश भर का देती है यह पार्टी। एक सूबा संभल नहीं पा रहा इनसे।प्रदेश को तबाह कर देंगे यह लोग।"
आगे राज्यपाल ने कहा कि सीमावर्ती जिलों में नशे का प्रकोप बढ़ना अधिक चिन्ता का विषय है। बार्डर के साथ लगते छह जिलों में तस्करी चिंता का विषय है। नौजवान पीढ़ी को पूरी तरह नष्ट करने की फिराक में पाकिस्तान है। देश के अन्न भंडार में पंजाब का गौरवमयी इतिहास रहा है, जिसे नष्ट करने की की जा रही कोशिश है।
